राजस्थान के सवाई माधोपुर में साइबर ठगी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शातिर ठग सोशल मीडिया पर लोगों की सगाई और पारिवारिक पोस्ट खंगालकर उन्हें अपना निशाना बनाता था और फिर एक जाल बिछाकर बड़ी ठगी को अंजाम देता था.
'जीजा जी, मैं आपकी साली बोल रही हूं'
आरोपी फेसबुक और इंस्टाग्राम से रिश्तेदारों की जानकारी जुटाकर लड़की की आवाज में कॉल करता और खुद को 'साली' बताकर लोगों को झांसे में लेता था. वह लड़की की आवाज बनाकर फोन पर कहता- जीजा जी, मैं आपकी साली बोल रही हूं. इसके बाद वह प्यारी- प्यारी लंबी बातें करके पीड़ित से अपने अकाउंट में पैसा ट्रांसफर करवा लेता था. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को बारां जिले से गिरफ्तार कर लिया है.
ऐसे नजर में आया ठग
कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मीणा ने बताया कि 2 अप्रैल को एसपी ऑफिस से कुछ संदिग्ध म्यूल बैंक अकाउंट्स की सूची प्राप्त हुई थी. इन खातों के जरिए साइबर ठगी किए जाने की आशंका थी. पुलिस ने जब खातों की जांच शुरू की तो साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर ठगी से जुड़ी कुल 10 शिकायतें दर्ज मिलीं. इसके आधार पर 27 अप्रैल को कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया.
जांच के दौरान पुलिस ने पहले एक आरोपी नरेंद्र सैनी को गिरफ्तार किया. वहीं दूसरा आरोपी गणेश उर्फ दिलखुश पुलिस से बचकर फरार चल रहा था. पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी. आखिरकार पुलिस ने आरोपी गणेश को बारां जिले से पकड़ लिया.
शादी की फोटो पर कमेंट से निकालता था कांटेक्ट
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लोगों की सगाई और शादी से जुड़ी पोस्टों को खंगालता था. इन पोस्टों के कमेंट से वह रिश्तेदारों की जानकारी हासिल कर लेता था. इसके बाद वह लड़की की आवाज में कॉल कर खुद को पीड़ित की 'साली' बताता और मीठी-मीठी बातों में उलझाकर उससे पैसे ट्रांसफर करवा लेता था.
पुलिस के अनुसार आरोपी बेहद शातिर तरीके से लोगों का भरोसा जीतता था, जिससे कई लोग आसानी से उसके जाल में फंस जाते थे. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने अब तक कितने लोगों को निशाना बनाया है. यह कार्रवाई एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में, एएसपी विजय सिंह मीणा और सीओ सिटी उदय सिंह मीणा की निगरानी में थाना प्रभारी मदनलाल मीणा के नेतृत्व में की गई.
सुनील जोशी