रेगिस्तान में बरसा सावन, फतेहपुर बस स्टैंड बना टापू, कई इलाके जलमग्न

शेखावाटी क्षेत्र के फतेहपुर में मंगलवार शाम शुरू हुई तेज बारिश लगातार जारी है. बारिश के बाद मुख्य बस स्टैंड और कई इलाके जलमग्न हो गए. दुकानों और घरों में पानी घुस गया. फंसे लोगों को ट्रैक्टर से निकाला गया. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए अगले दो दिन भी बारिश की संभावना जताई है.

Advertisement
मूसलाधार बारिश से बदले रेगिस्तान के हालात. (Photo: Screengrab) मूसलाधार बारिश से बदले रेगिस्तान के हालात. (Photo: Screengrab)

aajtak.in

  • सीकर ,
  • 04 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 11:36 PM IST

राजस्थान के रेगिस्तानी इलाके शेखावाटी में मंगलवार शाम से शुरू हुई तेज बारिश ने हालात पूरी तरह बदल दिए हैं. लंबे समय से सूखे जैसे हालात का सामना कर रहे इस क्षेत्र में सावन के पांचवें दिन इंद्रदेव की ऐसी मेहरबानी हुई कि लगातार हो रही बारिश से कई इलाके पानी में डूब गए. जहां एक ओर किसानों में अच्छी बारिश को लेकर खुशी है, वहीं दूसरी ओर शहर के कई हिस्सों में जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

Advertisement

फतेहपुर का मुख्य बस स्टैंड बारिश के बाद टापू जैसा नजर आने लगा. बस स्टैंड परिसर में कई दुकानों के अंदर पानी भर गया. निचले इलाकों में बने घरों में भी बारिश का पानी घुस गया, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं.

दुकानों और निचले इलाकों के घरों में घुसा पानी

बारिश के कारण मुख्य बस स्टैंड पर कई बैंक और अस्पताल के कर्मचारी फंस गए. उन्हें ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला गया. जानकारी के अनुसार, लोगों को अपने स्तर पर ट्रैक्टर की व्यवस्था करनी पड़ी. नगर परिषद की ओर से मौके पर कोई सहायता नहीं पहुंची. ट्रैक्टर चालक लोगों से 100 से 200 रुपये तक किराया वसूल रहे हैं. इस स्थिति के बाद नगर परिषद के दावों और तैयारियों पर भी सवाल उठ रहे हैं.

येलो अलर्ट जारी, अगले दो दिन भी बारिश के आसार

Advertisement

शेखावाटी का यह वही इलाका है, जहां का चूरू देश के सबसे गर्म स्थानों में गिना जाता है और यहां अक्सर सूखे जैसे हालात बने रहते हैं. लेकिन इस बार लगातार बारिश के कारण फतेहपुर सहित आसपास के कई इलाके पानी से भर गए हैं. मौसम विभाग ने जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक भी बारिश होने की संभावना है. इस मानसून सीजन में अब तक जिले में बारिश सामान्य से कम रही थी, लेकिन मंगलवार से शुरू हुई तेज बारिश ने मौसम का पूरा मिजाज बदल दिया है.
 

---- समाप्त ----
रिपोर्ट- राकेश गुर्जर

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »