MP से भटका चीता राजस्थान पहुंचा... गेहूं के खेत में पेड़ के नीचे करता दिखा आराम

मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से निकला चीता केपी-2 राजस्थान के कोटा जिले में पहुंच गया है. गुरुवार सुबह इटावा क्षेत्र की दुर्जनपुरा पंचायत के बंबुलिया गांव में गेहूं के खेतों में चीते का मूवमेंट देखा गया. खेतों में काम कर रहे किसानों ने जैसे ही चीते को घूमते देखा, इलाके में हड़कंप मच गया. तुरंत प्रशासन को सूचना दी गई.

Advertisement
कूनो नेशनल पार्क से निकलकर राजस्थान पहुंचा चीता. (Photo: ITG) कूनो नेशनल पार्क से निकलकर राजस्थान पहुंचा चीता. (Photo: ITG)

चेतन गुर्जर

  • कोटा,
  • 20 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 2:39 PM IST

राजस्थान के कोटा जिले में इन दिनों एक 'मेहमान' ने लोगों की धड़कनें बढ़ा दी हैं. यह कोई आम जानवर नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से भटका एक चीता है, जिसे केपी-2 के नाम से जाना जाता है. गुरुवार सुबह इस चीते की मौजूदगी कोटा के इटावा क्षेत्र की दुर्जनपुरा पंचायत के बंबुलिया गांव में देखी गई, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

Advertisement

यह मामला उस वक्त सामने आया, जब गांव के किसान अपने खेतों में काम कर रहे थे. अचानक उनकी नजर गेहूं के खेतों में घूम रहे एक बड़े जंगली जानवर पर पड़ी. पहले तो उन्हें यकीन नहीं हुआ, लेकिन ध्यान से देखने पर पता चला कि यह एक चीता है. डर के मारे किसानों ने तुरंत काम छोड़ दिया और प्रशासन को सूचना दी.

सूचना मिलते ही अयाना थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. इस दौरान चीता खेतों में इधर-उधर घूमता रहा. कुछ देर बाद वह एक पेड़ की छांव में बैठ गया और शांत अवस्था में आराम करता नजर आया. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चीता शांत बैठा हुआ दिखाई दे रहा है.

यह भी पढ़ें: चीतों के घर में बाघ की एंट्री... कूनो नेशनल पार्क में पहली बार आया नजर, कैमरे में कैद हुई तस्वीर

Advertisement

अयाना थानाधिकारी अविनाश मीणा ने बताया कि यह चीता केपी-2 है, जो पिछले कई दिनों से राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में मूव कर रहा है. इसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मध्य प्रदेश वन विभाग की विशेष टीम भी लगातार ट्रैकिंग कर रही है. अलग-अलग शिफ्ट में कर्मचारी इसकी लोकेशन पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके.

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कोटा का यह इलाका मध्य प्रदेश की सीमा के काफी नजदीक है. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि चीता अपने प्राकृतिक क्षेत्र से भटककर यहां पहुंच गया है. इससे पहले भी करीब तीन सप्ताह पहले केपी-2 को बारां जिले के मांगरोल रेंज के जंगलों में देखा गया था.

चीते के बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि केपी-2 की उम्र करीब ढाई साल है. इसकी मां आशा को अफ्रीका से लाकर कूनो नेशनल पार्क में बसाया गया था. केपी-2 का जन्म मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में हुआ और यह वहीं के जंगलों में पला-बढ़ा है. अब यह अपने लिए नया इलाका तलाशते हुए लंबी दूरी तय कर राजस्थान तक पहुंच गया है.

फिलहाल वन विभाग की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं और लगातार चीते की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. साथ ही ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और अकेले खेतों में न जाने की सलाह दी गई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement