राजस्थान के झुंझुनूं से सामने आई एक घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया. आमतौर पर पुलिस अपराधियों का पीछा करती नजर आती है, लेकिन इस बार तस्वीर बिल्कुल उलटी थी. एक पुलिसकर्मी ही आरोपी बन गया और उसे पकड़ने के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम सड़कों पर दौड़ती दिखी.
यह पूरा मामला चिड़ावा थाना क्षेत्र का है. यहां तैनात ड्राइवर कॉन्स्टेबल अनिल कुमार पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा. एक वाहन चालक से अवैध तरीके से लकड़ी परिवहन के मामले में कार्रवाई न करने के बदले उससे पैसे मांगे जा रहे थे.
परेशान होकर उसने शिकायत ACB से कर दी थी. इसके बाद जयपुर ACB की टीम ने पहले पूरे मामले की जांच कराई. जब आरोप सही लगे, तो टीम ने एक प्लान तैयार किया- ट्रैप बिछाया, और वाहन चालक को विशेष निशान लगे नोट देकर कॉन्स्टेबल के पास भेज दिया.
यहां देखें Video
सब कुछ प्लान के मुताबिक चल रहा था. दोपहर के वक्त वाहन चालक पैसे लेकर चिड़ावा थाने के बाहर पहुंचा. जैसे ही उसने कॉन्स्टेबल अनिल कुमार को पैसे दिए, ACB की टीम एक्शन में आ गई. लेकिन अचानक कहानी ने ऐसा मोड़ ले लिया.
पैसे लेते ही कॉन्स्टेबल अनिल कुमार तेजी से थाने की जीप में बैठा और वहां से भागने लगा. ACB की टीम ने उसे घेरने की कोशिश की, लेकिन वह जीप को तेज रफ्तार में लेकर चिड़ावा बाईपास की तरफ निकल गया.
यह सब किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था. ACB के कर्मचारी उसके पीछे दौड़ पड़े. इस दौरान एक कर्मचारी लक्ष्मी नारायण हिम्मत दिखाते हुए जीप के ड्राइवर साइड के गेट पर लटक गया, ताकि किसी तरह कॉन्स्टेबल को रोका जा सके. लेकिन कॉन्स्टेबल ने जीप रोकने की बजाय रफ्तार और बढ़ा दी. स्पीड में दौड़ती जीप और उससे लटका कर्मचारी- यह नजारा हैरान कर रहा था.
यह भी पढ़ें: मानेसर में CBI का एक्शन, 2.6 लाख की रिश्वत लेते पकड़े गए इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर और जांच अधिकारी
कुछ दूरी पर सड़क किनारे खड़ी एक कार से जोरदार टक्कर हुई. इस टक्कर में गाड़ी का शीशा टूट गया और गेट पर लटके ACB कर्मचारी लक्ष्मी नारायण नीचे गिर पड़े. गिरते ही उन्हें सिर, पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं.
वहीं कॉन्स्टेबल अनिल कुमार मौके से भाग निकला. पुलिस और ACB की टीम उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है. घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य ACB कर्मियों ने तुरंत घायल कर्मचारी को अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें झुंझुनूं रेफर किया गया.
इस पूरी घटना का CCTV फुटेज सामने आया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे ACB टीम के कर्मचारी जीप के पीछे दौड़ रहे हैं और एक कर्मचारी जान जोखिम में डालकर गाड़ी से लटक जाता है.
ACB के डीएसपी सुरेंद्र पंचोली ने बताया कि कॉन्स्टेबल के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी. इसी के बाद ट्रैप की योजना बनाई थी. आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो पर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं.
हिमांशु शर्मा