राजस्थान में दर्दनाक हादसा! क्लासरूम में गिरा ब्लैकबोर्ड, दबने से 6 वर्षीय छात्रा की मौत

जालोर के एक प्राइवेट स्कूल में ईंटों से बना ब्लैकबोर्ड भरभरा कर गिर गया. जिसके नीचे एक 6 वर्षीय बच्ची दब गई और उसकी मौत हो गई. इस घटना से परिजनों का बुरा हाल है.

Advertisement
बोर्ड बोर्ड गिरने से छात्रा की मौत. (Photo: ITG) बोर्ड बोर्ड गिरने से छात्रा की मौत. (Photo: ITG)

aajtak.in

  • जालौर,
  • 21 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 8:27 AM IST

राजस्थान के जालोर के एक प्राइवेट स्कूल मरूधर शिक्षण संस्थान में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया. जहां करीब 3:30 बजे सेकेंड क्लास में पढ़ने वाली 6 वर्षीय छात्रा प्रीति क्लासरूम में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी, तभी दीवार पर ईंटों से बना ब्लैक बोर्ड भरभराकर गिर पड़ा. जिससे वह उसके नीचे दब गई और उसकी मौत हो गई. 

दीवार पर ही ईंटों से बनाए गए हैं ब्लैकबोर्ड

Advertisement

जानकारी के अनुसार क्लासरूम की दीवरें सीमेंट की ईंटों से बनाकर तैयार की गई थीं. वहीं 5 से 7 फीट तक ईंटों की दीवार खड़ी कर उस पर बांस की बल्लियां लगाई गई थीं और ऊपर से तिरपाल डालकर कक्ष बनाए गए थे. दीवार पर ही पढ़ाने के लिए ईंटों का ब्लैक बोर्ड बनाया गया था. वही ब्लैकबोर्ड अचानक ढह गया. हादसे के दौरान प्रीति ईंटों के नीचे दब गई. सूचना लगते ही स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्ची को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

यह भी पढ़ें: पटना में खुले नाले में गिरने से तीन साल की मासूम की मौत, अचानक गायब हुई थी बच्ची

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. हादसे के बाद से स्कूल संचालक मौके से फरार बताया जा रहा है. ग्रामीणों के अनुसार बावतरा गांव के कपूरगिरी और दिनेश गिरी मरूधर शिक्षण संस्थान के नाम से स्कूल संचालित कर रहे हैं.

Advertisement

स्कूल 12वीं तक मान्यता प्राप्त है और यहां करीब 350 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं. प्रारंभिक जांच में विद्यालय के निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है. प्रशासन ने भवन की स्थिति की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले में जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों की ओर से फिलहाल रिपोर्ट नहीं दी गई है.

वहीं घटना की सूचना पर जिला कलेक्टर प्रदीप गांवड़े ने बताया कि घटना के बाद तहसीलदार समेत प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर भेजा है. फिलहाल घटना की जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें: Lucknow Hit And Run: बालिग निकला राहगीरों को कार से कुचलने वाला छात्र, VIDEO में दिखा रफ्तार का कहर; मासूम की मौत-5 घायल

जिला शिक्षा अधिकारी ने गठित की टीमें

मृतका प्रीति का परिवार मूल रूप से बालोतरा जिले के असाड़ा का निवासी है. उसके पिता भवरलाल मेघवाल जालोर जिले के असाणा गांव में खेत ठेके पर लेकर परिवार सहित रह रहे थे. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में शोक का माहौल छाया हुआ है. मामले को लेकर जालौर जिला शिक्षा अधिकारी भंवरलाल परमार ने बताया कि मौके पर मौजूद हैं.

Advertisement

परमार के मुताबिक दोपहर लंच के दौरान बच्चियों खेल रही थीं. तभी फाइबर ईटों से बना हुआ ब्लैक बोर्ड अचानक भरभरा कर गिर गया. जिसमें 6 वर्षीय प्रीति उसकी चपेट में आ गई और सिर में चोट लगने की वजह से घायल हो गई. उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उसकी मौत हो गई. मामले की जांच के लिए एक कमेटी का गठन कर दिया गया है. स्कूल को 24 साल से मान्यता मिली हुई है.

(इनपुट- नरेश कुमार)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement