राजस्थान के जयपुर में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए. तेज रफ्तार और बेकाबू कार बाइक सवार तीन दोस्तों को टक्कर मारने के बाद फरार हो गई.
हादसा इस्कान मंदिर खरबास सर्किल के पास शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे हुआ. पुलिस के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर मानसरोवर की तरफ जा रहे थे. तभी पीछे से तेज रफ्तार में आई एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे.
तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन दोस्तों को मारी टक्कर
हादसे के बाद कार चालक मौके से तुरंत फरार हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को गंभीर हालत में नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य का इलाज जारी है.
एक युवक की मौके पर मौत, दो की हालत गंभीर
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. फरार कार चालक की पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए टीम लगाई गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा.
विशाल शर्मा