राजस्थान के जयपुर में दिल दहला देने वाला हिट एंड रन का मामला सामने आया है. घर के बाहर बैठी एक बुजुर्ग महिला को तेज रफ्तार बेकाबू वैन ने कुचल दिया. इस पूरी घटना का CCTV वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर लोग सन्न रह गए हैं. मामला महेश नगर थाना इलाके की चौधरी कॉलोनी का बताया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 1 बजे 63 वर्षीय कलावती गुर्जर अपने घर के बाहर बैठी थीं. अस्थमा की बीमारी के कारण उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, इसलिए वह थोड़ी राहत के लिए बाहर आकर बैठी थीं. इस दौरान पास में निर्माण कार्य भी चल रहा था और गली में सीमेंट फैला हुआ था. महिला के पास दो लोग खड़े होकर बातचीत भी कर रहे थे.
यह भी पढ़ें: जयपुर में जापान की महिला टूरिस्ट से छेड़छाड़, 5 लोगों पर केस दर्ज
इसी बीच गली में खड़ी एक वैन का ड्राइवर अचानक वाहन स्टार्ट करता है. फिर देखते ही देखते गाड़ी बेकाबू हो जाती है और सीधे महिला की ओर बढ़ जाती है. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, वैन ने महिला को जोरदार टक्कर मार दी और उन्हें करीब 15 फीट तक घसीटते हुए आगे निकल गई.
हादसे के वक्त मचा हड़कंप
हादसे के समय पास खड़े दो मजदूर बाल-बाल बच गए. उन्होंने पीछे हटकर अपनी जान बचाई, लेकिन बुजुर्ग महिला इस खौफनाक हादसे की चपेट में आ गईं. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इलाके में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए.
देखें वीडियो...
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल महिला को नजदीकी प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन हालत बेहद गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. इस खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई.
ड्राइवर फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर वैन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया.
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वैन को जब्त कर लिया है. साथ ही CCTV फुटेज के आधार पर फरार ड्राइवर की तलाश तेज कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
विशाल शर्मा