जयपुर में ऐसा गांव, जहां हाथियों के कमरे में कूलर चलता है, नाश्ते में तरबूज मिलता है और बर्थडे पर पार्टी भी होती है

राजस्थान में जून की दोपहर... पारा 40 डिग्री के पार... सड़कें तप रही हैं, हवा आग उगल रही है और लोग कूलर-एसी की शरण में छिपे बैठे हैं. लेकिन इसी तपती गर्मी के बीच जयपुर की आमेर पहाड़ियों में बसे भारत के पहले हाथी गांव में हाथियों के लिए विशेष इंतजाम हैं. यहां सुबह की शुरुआत तालाब में मस्ती से होती है, दोपहर तरबूज और नारियल पानी के साथ गुजरती है, कमरों में कूलर चलते हैं और जन्मदिन पर पार्टी भी होती है.

Advertisement
गांव में 75 हाथियों के लिए किए गए हैं खास इंतजाम. (Photo: Screengrab) गांव में 75 हाथियों के लिए किए गए हैं खास इंतजाम. (Photo: Screengrab)

रिदम जैन

  • जयपुर,
  • 12 जून 2026,
  • अपडेटेड 3:02 PM IST

राजस्थान की गर्मी का नाम सुनते ही अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाते हैं. जून का महीना, 40 से 45 डिग्री तापमान और ऊपर से लू के थपेड़े. ऐसे मौसम में इंसान घर से निकलने से पहले दस बार सोचता है. लेकिन जयपुर के आमेर में कुछ ऐसे 'वीआईपी' रहते हैं, जिनके लिए गर्मी से बचाने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. 

हम बात कर रहे हैं आमेर के हाथी गांव की. यह कोई साधारण गांव नहीं है. यहां इंसानों से ज्यादा चर्चा हाथियों की होती है. उनके खाने का मेन्यू तय होता है, हेल्थ चेकअप होता है, कमरों में कूलर चलते हैं और जन्मदिन भी मनाए जाते हैं. सुनने में भले अजीब लगे, लेकिन यह पूरी तरह सच है.

Advertisement

जयपुर की पहाड़ियों के बीच बसे इस हाथी गांव को भारत का पहला समर्पित हाथी गांव माना जाता है. यहां इस समय 75 हाथी रहते हैं. इनमें ज्यादातर हथनियां हैं और सिर्फ दो नर हाथी. लेकिन दिलचस्प बात यह है कि यहां सभी एक बड़े परिवार की तरह रहते हैं.

यहां देखें Video

सुबह का नजारा किसी स्कूल पिकनिक से कम नहीं लगता. सूरज निकलते ही हाथियों का पूरा समूह तालाब की ओर निकल पड़ता है. कोई पानी में उतरते ही सूंड से फव्वारा छोड़ता है, कोई अपने साथी पर पानी उछालता है तो कोई आराम से पानी में खड़े होकर गर्मी से राहत लेता है. दूर से देखने पर लगता है जैसे बच्चों का कोई बड़ा ग्रुप वाटर पार्क पहुंच गया हो.

तालाब से लौटने के बाद शुरू होता है उनका स्पेशल स्नान. महावत उन्हें अच्छी तरह नहलाते हैं. गर्मी ज्यादा हो तो दिन में दो से तीन बार तक नहाने की व्यवस्था की जाती है. वजह साफ है- इतने बड़े शरीर को ठंडा रखना भी कोई आसान काम नहीं.

Advertisement

अब बात खाने की. इंसानों की तरह हाथियों का भी समर स्पेशल मेन्यू तैयार किया गया है. गर्मी बढ़ते ही उनके खाने में तरबूज, खरबूजा, खीरा, ककड़ी और लौकी जैसी चीजें शामिल कर दी गई हैं. यानी वही चीजें जो गर्मियों में डॉक्टर हमें खाने की सलाह देते हैं. सिर्फ फल ही नहीं. उन्हें सत्तू का घोल दिया जाता है. नारियल पानी भी पिलाया जाता है, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो. नियमित भोजन में गन्ना, ज्वार, गेहूं का दलिया और अन्य पौष्टिक आहार शामिल रहते हैं.

मतलब साफ है... गर्मी में हाथियों की डाइट किसी फिटनेस इन्फ्लुएंसर के चार्ट से कम नहीं. जब बाहर तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचता है तो हाथियों के रहने की जगह पर कूलर भी चलाए जाते हैं. आमेर के हाथी गांव में हाथियों के बाड़ों और कमरों में कूलर लगे हुए हैं.

वन विभाग, पर्यटन विभाग और महावत मिलकर यह देखते हैं कि उन्हें गर्मी से कोई परेशानी न हो. हाथियों के कामकाज में भी बदलाव किया गया है. पहले जहां वे नियमित रूप से आमेर किले में पर्यटकों के बीच सक्रिय रहते थे, वहीं अब उनकी ड्यूटी कम कर दी गई है. एक दिन काम और एक दिन आराम का फॉर्मूला अपनाया गया है. आखिर गर्मी इंसानों को ही नहीं, जानवरों को भी लगती है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड: स्कूटी से टकराया हाथी, टूट गए दांत, स्कूल टीचर की कहानी ने सबको चौंकाया

स्वास्थ्य का भी पूरा ध्यान रखा जाता है. नियमित मेडिकल चेकअप होते हैं. पैरों में दरार न पड़े, त्वचा स्वस्थ रहे और शरीर में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए नीम और सरसों जैसे आयुर्वेदिक तेलों से मालिश की जाती है. लेकिन हाथी गांव की सबसे खूबसूरत कहानी इसके महावतों से जुड़ी है.

जो लोग वर्षों से इन हाथियों के साथ रहते हैं, वे उन्हें जानवर नहीं मानते. उनके लिए ये परिवार के सदस्य जैसे हैं. हर हाथी की अपनी आदत, अपना स्वभाव और अपनी पहचान है. महावत उन्हें नाम से पहचानते हैं और हाथी भी अपने महावत की आवाज पहचान लेते हैं. यही रिश्ता तब और दिलचस्प हो जाता है जब किसी हाथी का जन्मदिन आता है.

यहां जन्मदिन भी मनाया जाता है. फर्क सिर्फ इतना है कि केक की जगह फलों की दावत होती है. तरबूज, केला, गन्ना और दूसरी पसंदीदा चीजों से पूरा बर्थडे बुफे सजाया जाता है और फिर सारे हाथी मिलकर पार्टी करते हैं. आज यह हाथी गांव जयपुर आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का बड़ा केंद्र बन चुका है.

यहां का 108 रुपये का टिकट है. हाथियों को खाना खिला सकते हैं, उनके साथ तस्वीरें खिंचवा सकते हैं और उनके रोजमर्रा के जीवन को करीब से देख सकते हैं. राजस्थान की तपती गर्मी के बीच आमेर का यह हाथी गांव पर्यटन स्थल बन चुका है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »