धौलपुर: टीचर के घर के बाहर ठांय-ठांय, CCTV में कैद हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की वारदात

धौलपुर में शिक्षक के घर के बाहर फायरिंग का मामला सामने आया है. जिसकी तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. वहीं, फुटेज के जरिए पुलिस ने आरोपियों की शिनाख्त कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.

Advertisement
CCTV में कैद हुई फायरिंग की वारदात. CCTV में कैद हुई फायरिंग की वारदात.

उमेश मिश्रा

  • धौलपुर,
  • 01 फरवरी 2023,
  • अपडेटेड 8:53 AM IST

राजस्थान में धौलपुर के चंबल इलाके में खाकी का खौफ बदमाशों और लोगों के दिलों से खत्म होता दिख रहा है. इसकी बानगी बीती रात जिले के बाड़ी कोतवाली थाना इलाके के कांसौटी खेड़ा रोड पर बाई का बाग में देखने को मिली. यहां बाई का बाग निवासी सरकारी अध्यापक मुन्नालाल के घर पर दो आरोपियों ने फायरिंग की. जिसकी तस्वीरें वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं.

Advertisement

वारदात के दौरान एक आरोपी बंदूक से फायरिंग करते नजर आया तो दूसरा उसके साथ मौके पर खड़ा रहा. इधर, फायरिंग में पीड़ित अध्यापक की बेटी बाल-बाल बच गई. घटना के बाद पीड़ित अध्यापक ने नामजद आरोपियों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज करवाया. जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की शिनाख्त कर तलाश शुरू कर दी है.

पीड़ित अध्यापक ने बताया कि मंगलवार रात को आरोपी बन्टू उर्फ सतीश पुत्र रामनरेश मीणा और लवकुश पुत्र ओम प्रकाश मीणा निवासी ग्राम सुनीपुर व अन्य एक बोलेरो में सवार होकर आए. इसके बाद वो गाड़ी को सड़क के किनारे पार्क कर उनके दरवाजे के सामने फायरिंग करने लगे. पीड़ित ने आगे बताया कि आरोपी उनकी हत्या की नीयत से आए थे.

जमीन हड़पना चाहते हैं आरोपी
अध्यापक मुन्नालाल ने बताया कि उनकी सुनीपुर और गडरपुरा गांव में जमीन है. आरोपी पीड़ित अध्यापक की जमीन हड़पना चाहते हैं और इसी के चलते वे कई बार अध्यापक पर जानलेवा हमला भी कर चुके हैं. पीड़ित का कहना है कि उन्होंने बाड़ी सदर पुलिस थाना और बाड़ी कोतवाली पुलिस थाने में पहले भी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है. लेकिन पुलिस द्वारा आरोपितों के खिलाफ अभी तक कोई उचित कार्रवाई नहीं की गई.

Advertisement

स्कूल नहीं जा पा रहे बच्चे
वहीं, इस घटना के बाद से ही पीड़ित का पूरा परिवार दहशत में है. बताया गया कि पीड़ित और उसका भाई सरकारी कर्मचारी हैं. उनके बच्चे भी हैं. मौजूदा आलम यह है कि खौफ के कारण बच्चे स्कूल भी नहीं जा पा रहे हैं. क्योंकि उन्हें जान का खतरा सता रहा है. वहीं, पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की हैं. जिससे पीड़ित और परिजन चैन की सांस ले सके.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »