कॉकरोच पार्टी के फाउंडर को जयपुर में क्यों पड़ा थप्पड़? अभिजीत दिपके ने बताई वजह

जयपुर में प्रदर्शन के दौरान थप्पड़ और मारपीट का शिकार हुए कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने पहली बार घटना पर प्रतिक्रिया दी है. इस मामले में अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है.

Advertisement
समर्थकों के बीच घिरे अभिजीत दिपके को युवकों ने जड़े थप्पड़. (File Photo) समर्थकों के बीच घिरे अभिजीत दिपके को युवकों ने जड़े थप्पड़. (File Photo)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 16 जून 2026,
  • अपडेटेड 5:13 PM IST

जयपुर में प्रदर्शन के दौरान थप्पड़ कांड का शिकार हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके ने इस पूरे मामले पर पहली बार खुलकर बात की है. दिपके का कहना है कि जयपुर में उनके साथ जो हुआ, उसके पीछे देश में बढ़ती बेरोजगारी सबसे बड़ी वजह है. उन्होंने कहा कि अगर हमला करने वाले युवक के पास अच्छी नौकरी होती, तो वह शायद ऐसा कदम कभी नहीं उठाता. मंगलवार को मीडिया से बातचीत में दिपके ने सरकार से युवाओं के लिए रोजगार के मौके बढ़ाने की अपील भी की.

Advertisement

यह पूरी घटना सोमवार की है, जब अभिजीत नीट पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने जयपुर के शहीद स्मारक पहुंचे थे. वहां मौजूद सैकड़ों समर्थकों ने जैसे ही उन्हें अपने कंधों पर उठाया, तभी अचानक पांच-छह लोगों ने उन पर हमला कर दिया. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक ने पहले उनके गले में पड़े कपड़े को खींचा और फिर उन्हें ताबड़तोड़ थप्पड़ मार दिए. इस हंगामे के बीच कुछ अन्य युवकों ने भी दिपके के साथ मारपीट की.

बेरोजगारी को बताया हमले की वजह

इस हमले के बाद भी अभिजीत दिपके ने मंच से भाषण दिया. उन्होंने कहा कि चाहे कोई उन पर कितनी भी बार हमला कर ले, वे हाथ नहीं उठाएंगे. दिपके ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि युवाओं को महज एक-दो हजार रुपये देकर ऐसी हरकतें करवाई जा रही हैं, क्योंकि उनके पास पैसे कमाने का कोई सही जरिया नहीं है. उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि वह युवाओं को बेहतर नौकरियां देने पर ध्यान केंद्रित करे.

Advertisement

मामले में अब तक 5 लोग गिरफ्तार

पुलिस ने इस मारपीट के मामले में तत्परता दिखाते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. दूसरी तरफ, कॉकरोच पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने एक आरोपी की फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए इसे एक राष्ट्रीय पार्टी के गुंडों की हरकत बताया है. उन्होंने दावा किया कि हमलावरों की पहचान हो चुकी है और जल्द ही वे बेनकाब होंगे.

आपको बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी पिछले महीने ही अपने अनोखे नाम के कारण चर्चा में आई थी. नीट पेपर लीक मामले को लेकर यह पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है. दिपके ने अपने समर्थकों से 20 जून को दिल्ली में अनिश्चितकालीन प्रदर्शन के लिए जुटने की अपील की है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »