राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवती की शिकायत के आधार पर गंभीर मामला दर्ज किया गया है. पीड़िता का आरोप है कि एक युवक ने फर्जी आधार कार्ड के जरिए अपनी पहचान बदलकर उससे संपर्क किया. नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसे जयपुर और अलवर सहित कई स्थानों पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया. आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने अश्लील वीडियो और फोटो भी बनाए और बाद में उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, पीड़िता सोमवार को अपने परिजनों और दलित संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ पुलिस अधीक्षक से मिली. इस दौरान उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए परिवाद सौंपा. एसपी के निर्देश पर देर रात रामगढ़ थाने में एफआईआर दर्ज की गई. मंगलवार को पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और मामले की जांच शुरू कर दी.
पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि रामगढ़ थाना क्षेत्र के निवाली गांव निवासी सलीम मेव ने सोशल मीडिया के जरिए उससे संपर्क किया. उसने खुद को रविंद्र सिंह बताया और कथित तौर पर एक फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल किया, जिस पर रविंद्र सिंह का नाम और अपनी फोटो लगाकर पहचान छिपाई गई थी. पीड़िता का कहना है कि वह लंबे समय तक उसे रविंद्र सिंह ही समझती रही.
फर्जी आधार कार्ड से पहचान छिपाने का आरोप
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाकर पीड़िता को जयपुर और अलवर सहित कई स्थानों पर बुलाया. वहां उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया. आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो और फोटो भी बना लिए. बाद में इन्हें वायरल करने की धमकी देकर उस पर दबाव बनाया गया और उससे 20 हजार रुपये भी वसूल लिए गए.
पीड़िता ने बताया कि 28 जून को उसे पता चला कि जिस व्यक्ति को वह रविंद्र सिंह समझ रही थी, उसका वास्तविक नाम सलीम मेव है और वह पहले से शादीशुदा है. इसके बाद उसने पूरी घटना अपनी मां को बताई और पुलिस से शिकायत करने का फैसला लिया.
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने 5 जून को अलवर के स्टेशन रोड स्थित एक होटल और 28 जून को टेल्को चौराहा स्थित एक होटल में कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड के आधार पर कमरे लिए. इस दौरान उसने पीड़िता की मुलाकात कुछ अन्य युवकों से भी कराई. बाद में उनकी पहचान अशपाक खान, कासम खान और सहकुल मेव के रूप में हुई. पीड़िता का आरोप है कि इन लोगों ने भी उसे प्रताड़ित किया.
उधर, सींगराका निवासी वास्तविक रविंद्र सिंह ने कहा है कि उनके आधार कार्ड का दुरुपयोग किया गया है. मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने भी इस संबंध में अलग से पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है. रामगढ़ के डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है. उन्होंने कहा कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों और तथ्यों की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने शुरू की पड़ताल
घटना सामने आने के बाद कुछ हिंदू संगठनों ने मामले को लेकर विरोध जताया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
हिमांशु शर्मा