CO अंजू यादव की पुलिसगिरी! बीच सड़क वकील को जड़ा थप्पड़- VIDEO

राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ में गाड़ी पार्किंग को लेकर ट्रैफिक सीओ अंजू यादव और अधिवक्ता बाबूलाल बागरिया के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि महिला पुलिस अधिकारी ने वकील को थप्पड़ मार दिया.

Advertisement
महिला सीओ और वकील. (Photo: Screengrabs) महिला सीओ और वकील. (Photo: Screengrabs)

हिमांशु शर्मा

  • अलवर,
  • 10 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 3:02 PM IST

राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ में गाड़ी पार्किंग को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि मामला सड़क पर प्रदर्शन तक पहुंच गया. आरोप है कि ट्रैफिक सीओ अंजू यादव ने अधिवक्ता बाबूलाल बागरिया को थप्पड़ मार दिया. घटना का वीडियो सामने आने के बाद बार एसोसिएशन के वकीलों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

Advertisement

मामला शुक्रवार शाम करीब 7 बजे मदनगंज थाना क्षेत्र के सिटी रोड का है. अधिवक्ता बाबूलाल बागरिया के मुताबिक, वह किशनगढ़ के मुख्य बाजार में सब्जी लेने पहुंचे थे. उन्होंने अपनी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी की और मंडी चले गए. कुछ देर बाद पुलिस का फोन आया कि उनकी गाड़ी सब्जी मंडी के पास खड़ी है. इसके बाद वह वापस गाड़ी के पास पहुंचे.

माफी मांगने के बाद भी बढ़ गया विवाद
बाबूलाल बागरिया का आरोप है कि मौके पर मौजूद ट्रैफिक सीओ अंजू यादव ने उनसे गाड़ी खड़ी करने को लेकर सवाल किया. उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और भविष्य में इस तरह गाड़ी नहीं खड़ी करने की बात कही. हालांकि, उनके मुताबिक, इसके बाद भी विवाद बढ़ गया. उन्होंने आरोप लगाया कि महिला अधिकारी ने दुर्व्यवहार किया, गाड़ी की चाबी ले ली और उन्हें धमकी दी. इसी दौरान अधिकारी द्वारा थप्पड़ मारे जाने का वीडियो भी सामने आया है.

Advertisement

वकीलों ने सड़क जाम कर की कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही बार एसोसिएशन के वकील बड़ी संख्या में मुख्य बाजार में जुट गए. अधिवक्ताओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और ट्रैफिक सीओ को निलंबित करने की मांग की. प्रदर्शन के कारण बाजार में यातायात प्रभावित हुआ.

स्थिति को संभालने के लिए सीओ सिटी धर्मराज चौधरी समेत तीन थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया. सीओ सिटी के मुताबिक, बार एसोसिएशन से बातचीत के बाद रात करीब 10:30 बजे धरना समाप्त करा दिया गया. इसके बाद बाजार में यातायात बहाल हुआ.

पार्किंग को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब महिला पुलिस अधिकारी और अधिवक्ताओं के बीच टकराव का मामला बन गया है. वकील अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »