राजस्थान के बीकानेर में एक 13 साल की छात्रा का अर्धनग्न शव नहर के पास झाड़ियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. छात्रा शनिवार सुबह अपने घर से कक्षा 8वीं की बोर्ड परीक्षा देने के लिए निकली थी, लेकिन परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंची.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि छात्रा का घर स्कूल से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर था और वह रोजाना पैदल ही स्कूल जाती थी. शनिवार सुबह भी वह परीक्षा देने के लिए घर से निकली, लेकिन जब काफी देर तक वह परीक्षा केंद्र नहीं पहुंची तो स्कूल प्रशासन ने परिजनों को सूचना दी. इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की.
झाड़ियों में मिली लाश
खोजबीन के दौरान नहर के पास झाड़ियों में छात्रा का अर्धनग्न शव मिला. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. बीकानेर के पुलिस अधीक्षक कवेंद्र सिंह सागर ने बताया कि फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया गया और साक्ष्य एकत्र किए गए.
एसपी ने कहा, 'पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्रा के साथ यौन हमला हुआ था या नहीं. फिलहाल मामला दर्ज कर जांच की जा रही है.'
परिजनों का फूटा गुस्सा
घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. परिजनों ने एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जाने तक शव को हटाने की अनुमति नहीं दी.
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के इलाके में जांच और पूछताछ शुरू कर दी है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
aajtak.in