बंगाल में EVM पर टेप लगाने पर चुनाव आयोग एक्शन में आ गया है. शिकायतों पर जांच शुरू हो गई है. अब तक 77 शिकायतों में 23 की पुष्टि हो गई है. पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा है कि जिन मतदान केंद्रों पर EVM में काले या सफेद टेप मिलने, गोंद, या रंग लगाकर उम्मीदवार के नाम, चुनाव चिह्न या पहचान छुपाने की शिकायत मिली है, अगर शिकायते सही पाई गई तो वहां दोबारा मतदान कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि अगर किसी एक विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में बूथों पर ऐसी शिकायतें सामने आती हैं, तो पूरे विधानसभा क्षेत्र में ही दोबारा मतदान कराया जाएगा. इन घटनाओं की गहन जांच कर जिम्मेदार लोगों और पोलिंग अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर समुचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अब तक फलता से 32, मगराहाट से 13. डायमंड हार्बर से 29 और बजबज में 3 ऐसी शिकायतें मिलीं हैं. आयोग के सूत्रों ने पुष्टि की कि 23 मामलों की पुष्टि हो चुकी है. इनमें से 20 फलता के हैं.