ओडिशा के ढेंकानाल जिले में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे सुनकर लोग हैरान भी हैं और राहत की सांस भी ले रहे हैं. यहां एक युवक जंगली हाथी के हमले का शिकार हुआ, लेकिन मौत के मुंह से वापस लौट आया. इस घटना को स्थानीय लोग किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक, घटना तालबराकोट इलाके की है, जहां युवक विद्याधर बेहरा जंगल के पास मौजूद था. बताया जा रहा है कि वह गोविंदपुर-तालबराकोट वन क्षेत्र में था, तभी एक अकेला जंगली हाथी अचानक उसके सामने आ गया. इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, हाथी ने उस पर हमला कर दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी ने युवक को सूंड से गिराया और फिर अपने पैर से दबा लिया. घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हाथी युवक के ऊपर खड़ा नजर आ रहा है. आमतौर पर ऐसे हमलों में जान बचना मुश्किल होता है, लेकिन इस मामले में कुछ अलग ही हुआ.
कुछ ही देर बाद हाथी अचानक पीछे हट गया और जंगल की ओर चला गया, जिससे युवक को बचने का मौका मिल गया. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद विद्याधर ने हिम्मत दिखाई और खुद उठकर थोड़ी दूरी तक चलने में कामयाब रहा.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत ढेंकानाल जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों के अनुसार युवक के पैर, हाथ और सिर में गंभीर चोटें आई हैं. उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है, लेकिन वह होश में है और इलाज जारी है.
वन विभाग के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया. अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सुबह और शाम के समय जंगल की ओर न जाएं. बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में करीब 30 हाथियों का झुंड सक्रिय है, जिससे खतरा बना हुआ है.
अजय कुमार नाथ