MP News: भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर 31 मार्च की रात एक ऐसा हादसा हुआ जिसे देखकर किसी का भी दिल दहल जाए. भोपाल-इंदौर एक्सप्रेस (19304) अपनी रफ्तार पकड़ चुकी थी, तभी एक युवक ट्रेन के गेट से टकराकर सीधे प्लेटफॉर्म और बोगियों के बीच के गैप में जा गिरा.
सामने आए फुटेज के पहले ही सेकंड में युवक ट्रेन के साथ चलता दिखता है. अगले कुछ सेकंड के भीतर वह गेट से टकराता है और ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच फंस जाता है.
इसके बाद वह तेज रफ्तार ट्रेन की रगड़ से कई बार घूम जाता है और अगले पल नीचे गिरते ही अंधेरे में ओझल हो जाता है. ट्रेन करीब 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पर थी.
हादसे के बाद GRP ने युवक को तुरंत हमीदिया अस्पताल पहुंचाया. युवक की जेब में रखा मोबाइल फोन पूरी तरह से टूट हो चुका है, जिससे कॉल डिटेल्स निकालना असंभव हो गया है. उसके पास कोई पहचान पत्र भी नहीं मिला है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, युवक ने बेहोशी की हालत में खुद को बिहार का निवासी बताया था, लेकिन नाम बताने से पहले ही वह अचेत हो गया. देखें VIDEO:-
एक हाथ टूटा, सिर फटा
डॉक्टरों के मुताबिक युवक की हालत गंभीर है. उसका एक हाथ पूरी तरह टूट चुका है और सिर में गहरी चोटें आई हैं. वह फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है.
इनका कहना
पश्चिम मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी नवल कुमार ने बताया, ''रेलवे स्टाफ ने मानवता दिखाते हुए उसे तुरंत मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई है, लेकिन पहचान न हो पाने के कारण परिजनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है.''
नीरज चौधरी