मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की नर्मदा कॉलोनी में नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हो गया. अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम के साथ कुछ लोगों ने कथित तौर पर मारपीट की और कार्रवाई का विरोध किया. घटना से मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया. इस दौरान जेसीबी का कांच भी फोड़ा गया.
जानकारी अनुसार शुक्रवार को नगर निगम भोपाल का अतिक्रमण निरोधक अमला नर्मदा कॉलोनी में सरकारी भूमि पर किए गए कथित अतिक्रमण को हटाने पहुंचा था. कार्रवाई शुरू होते ही कुछ स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बात धक्का-मुक्की से मारपीट तक पहुंच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हंगामे के दौरान निगम कर्मचारियों के साथ अभद्रता की गई. कुछ लोगों ने निगम की कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास किया, जिससे अभियान कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ.
मारपीट करने वाले लोगों की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. घटना के बाद नगर निगम अधिकारियों ने पुलिस से शिकायत की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. शिकायत के आधार पर शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा सकता है.
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा और शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
धर्मेंद्र साहू