मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं. खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए निकले पांच श्रद्धालुओं की कार राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना क्षेत्र के भीलखेड़ी जोड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने तालाब में जा गिरी. हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक, स्विफ्ट कार (MP09 CC 6414) तेज रफ्तार से जा रही थी. भीलखेड़ी जोड़ के पास चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे तालाब में जा गिरी. देखते ही देखते कार पानी में समा गई और उसमें बैठे श्रद्धालु बाहर नहीं निकल सके.
यह भी पढ़ें: राजगढ़: आगरा-मुंबई हाईवे पर पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर पलटा, सैकड़ों लीटर ईंधन नालियों में बहा
हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. कुछ ही देर में खुजनेर थाना प्रभारी रवि ठाकुर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया.
श्रद्धा की यात्रा कुछ ही पलों में मातम में बदली
परिजनों के अनुसार, शाजापुर जिले के अरंडिया और अरंडिया खुर्द गांव निवासी विनीत तिवारी, कमल किशोर तिवारी, शंकर नाथ जी, अरिजीत और शंकर पटेल शुक्रवार सुबह श्रद्धा और आस्था के साथ खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए अपने गांव से रवाना हुए थे. परिवार ने भगवान के दर्शन कर सकुशल लौटने की कामना के साथ उन्हें विदा किया था.
लेकिन रास्ते में राजगढ़ जिले के भीलखेड़ी जोड़ के पास उनकी यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई. कार तालाब में गिरने के बाद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर सभी श्रद्धालुओं को बाहर निकाला और तत्काल खुजनेर अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद विनीत तिवारी, कमल किशोर तिवारी, शंकर नाथ जी और अरिजीत को मृत घोषित कर दिया. वहीं, शंकर पटेल में हल्की सांसें चल रही थीं. डॉक्टरों ने उन्हें सीपीआर देकर बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन आखिरकार उन्हें भी नहीं बचाया जा सका.
पांच मौतों से गांव में पसरा मातम
हादसे में पांचों श्रद्धालुओं की मौत की खबर जैसे ही उनके गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया. जिन घरों से सुबह भगवान खाटू श्याम के जयकारों के साथ अपने प्रियजनों को विदा किया गया था, वहीं कुछ घंटों बाद चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया.
ग्रामीणों का कहना है कि सभी श्रद्धालु धार्मिक यात्रा के लिए बेहद उत्साहित थे. किसी ने भी नहीं सोचा था कि यह यात्रा उनकी जिंदगी की आखिरी यात्रा साबित होगी. एक साथ पांच लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.
फिलहाल, पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है.
पंकज शर्मा