'मेरी बीवी को बुला दो...', पत्नी के मायके जाते ही 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया युवक

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के विजयपुर में शनिवार को एक युवक पत्नी के मायके जाने से नाराज होकर 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया. करीब दो घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान वह पत्नी को बुलाने और मीडिया से बात कराने की मांग करता रहा. पुलिस और प्रशासन ने समझाइश देकर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया.

Advertisement
2 घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा.(Photo: Khemraj Dubey/ITG) 2 घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा.(Photo: Khemraj Dubey/ITG)

खेमराज दुबे

  • श्योपुर,
  • 18 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:18 PM IST

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के विजयपुर में शनिवार सुबह एक युवक 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू कर दी.

Advertisement

घटना विजयपुर नगर के बस स्टैंड इलाके की है. पानी की टंकी पर चढ़े युवक की पहचान धीरज खटीक के रूप में हुई है. ऊंचाई पर बैठे युवक को देखकर आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और लगातार युवक से बातचीत करती रही.

यह भी पढ़ें: MP के श्योपुर में 'जहरीला' तरबूज! खाने के बाद पिता की मौत, बेटे की हालत नाजुक; सीने में जलन दूर करने के लिए खाया था

करीब दो घंटे तक धीरज टंकी से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ. इस दौरान वह बार-बार मीडिया से बात कराने और अपनी पत्नी को मौके पर बुलाने की मांग करता रहा. पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने धैर्य के साथ उसे समझाया, जिसके बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया.

Advertisement

नीचे उतरते ही पत्नी को लेकर लगाए आरोप

टंकी से नीचे उतरने के बाद धीरज ने बताया कि उसकी पत्नी करीब 15 दिन पहले उसे छोड़कर मायके चली गई थी. उसका आरोप है कि उसने इस मामले में पुलिस से शिकायत भी की थी, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई. इसी बात से नाराज होकर उसने विरोध जताने के लिए पानी की टंकी पर चढ़ने का फैसला किया.

युवक का कहना था कि वह चाहता था कि उसकी बात सुनी जाए और उसकी पत्नी को वापस बुलाया जाए. इसी वजह से उसने ऐसा कदम उठाया. मौके पर मौजूद लोग भी लगातार उसे शांत रहने और नीचे उतरने की अपील करते रहे.

घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग तमाशबीन बने रहे. पुलिस ने पूरे घटनाक्रम के दौरान सावधानी बरती ताकि युवक किसी तरह का खतरनाक कदम न उठा सके.

पुलिस बोली- पत्नी ने पहले ही दर्ज कराया था केस

विजयपुर थाना प्रभारी राजन सिंह गुर्जर ने बताया कि पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने समझाइश देकर युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया है. विजयपुर तहसीलदार ने भी युवक को उसकी शिकायत पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है.

टीआई के मुताबिक, युवक की पत्नी उससे परेशान थी. कुछ दिन पहले पत्नी के आवेदन पर धीरज के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई भी की गई थी. पुलिस का कहना है कि पत्नी पर दबाव बनाने के उद्देश्य से युवक ने पानी की टंकी पर चढ़कर यह कदम उठाया.

Advertisement

पुलिस अब दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की सच्चाई सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

दो घंटे तक चला ड्रामा, अब जांच में जुटी पुलिस

करीब दो घंटे तक चले इस पूरे घटनाक्रम ने विजयपुर नगर में लोगों की सांसें थाम दी थीं. हालांकि पुलिस और प्रशासन की सूझबूझ से युवक को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित नीचे उतार लिया गया.

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और पति-पत्नी के बीच विवाद की असली वजह क्या है. साथ ही दोनों पक्षों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पारिवारिक विवाद किस तरह सार्वजनिक प्रदर्शन का रूप ले लेते हैं और ऐसे मामलों में समय रहते संवाद और कानूनी प्रक्रिया कितनी अहम होती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »