मध्य प्रदेश के देवास शहर में इन दिनों पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. इसी बीच एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसने सभी का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है. पेट्रोल की किल्लत के बीच एक युवक ने ऐसा तरीका अपनाया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.
जानकारी के अनुसार, देवास के राधागंज निवासी गोपाल ठाकुर ने पेट्रोल पंप पर लंबी कतार देखकर अपनी बुलेट बाइक घर पर ही छोड़ दी. उन्हें अपने बैंक के काम पर समय पर पहुंचना था, इसलिए उन्होंने एक अलग रास्ता चुना. गोपाल ने अपने घोड़े का सहारा लिया और उसी पर सवार होकर ऑफिस के लिए निकल पड़े.
पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों से बढ़ी परेशानी
गोपाल ठाकुर एक निजी बैंक में काम करते हैं. उन्होंने अपने घर से करीब 3 से 4 किलोमीटर की दूरी तय कर जवाहर नगर स्थित बैंक पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. शहर की सड़कों पर घोड़े पर सवार होकर जाते हुए उन्हें देखकर लोग हैरान रह गए. राह चलते लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
पेट्रोल की कमी से परेशान लोगों के बीच गोपाल का यह तरीका अलग ही नजर आया. जहां लोग घंटों लाइन में लगकर पेट्रोल भरवा रहे हैं, वहीं इस युवक ने बिना समय गंवाए अपने काम पर पहुंचने का उपाय निकाल लिया. सोशल मीडिया पर लोग इस जुगाड़ की तारीफ कर रहे हैं और इसे समझदारी भरा कदम बता रहे हैं.
बाइक छोड़ घोड़े पर निकला बैंक कर्मचारी
इधर, पेट्रोल को लेकर लोगों में बढ़ती चिंता के बीच प्रशासन भी सक्रिय नजर आ रहा है. जिले के कलेक्टर ऋतुराज सिंह और एसपी पुनीत गेहलोत लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे घबराएं नहीं और संयम बनाए रखें. उनका कहना है कि ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है.
बीती रात एसपी पुनीत गेहलोत ने खुद शहर के कई पेट्रोल पंपों का दौरा किया और लोगों को समझाया कि किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें. उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य है और सभी को धैर्य बनाए रखना चाहिए. हालांकि पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारों के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई लोगों को अपने वाहनों में पेट्रोल भरवाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ‘जुगाड़’
ऐसे माहौल में घोड़े पर सवार होकर ऑफिस पहुंचने वाले गोपाल ठाकुर का यह वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. यह घटना बताती है कि मुश्किल समय में लोग अपने तरीके से समाधान निकाल लेते हैं और वही कहानी दूसरों के लिए प्रेरणा बन जाती है.
शकील खान