जहां IRS और Ex IPS की पत्नियों के बीच 'जंग'...उस सीट से जीतकर 10 साल तक MP के मुख्यमंत्री रहे चुके दिग्विजय सिंह

Chachoda Assembly Seat: बीजेपी ने IRS अफसर की पत्नी प्रियंका मीना को टिकिट देकर पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है. प्रियंका मीना को टिकिट मिलने से नाराज रिटायर्ड IPS की पत्नी ममता मीना के बगावती तेवर बीजेपी के लिए सिरदर्द बना हुआ है. यदि ममता मीना पार्टी से बगावत कर के निर्दलीय चुनाव लड़ती हैं बीजेपी को नुकसान होना तय है.

Advertisement
बाएं से BJP प्रत्याशी प्रियंका मीना और असंतुष्ट नेत्री ममता मीना. बाएं से BJP प्रत्याशी प्रियंका मीना और असंतुष्ट नेत्री ममता मीना.

विकास दीक्षित

  • गुना ,
  • 24 अगस्त 2023,
  • अपडेटेड 10:57 AM IST

विधानसभा चुनाव से पहले चाचौड़ा सीट लगातार चर्चाओं में बनी हुई है. चाचौड़ा सीट एक ऐसी विधानसभा है जिसका इतिहास काफी पुराना है. चाचौड़ा विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़कर दिग्विजय सिंह मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे. दिग्विजय सिंह के लिए तत्कालीन कांग्रेस विधायक शिवनारायण मीना ने सीट खाली की थी. शिवनारायण मीना एकमात्र नेता हैं जो चाचौड़ा सीट से 4 बार विधायक चुने गए थे. वर्ष 1998, 2003, 2008 के चुनाव में शिवनारायण मीना ने जीत की हैट्रिक भी लगाई थी. 

Advertisement

चाचौड़ा विधानसभा सीट में 2 लाख 24 हजार से ज्यादा मतदाता हैं . इस सीट पर मीना समाज का दबदबा रहता है. मीना समाज का वोटबैंक लगभग 65 हजार है. वहीं, अनुसूचित जाति के लगभग 30 हजार मतदाता हैं. इसके अलावा आदिवासी, लोधा, गुर्जर, कुशवाह, ब्राह्मण चुनाव को रोचक बनाते हैं. चाचौड़ा सीट से 1951 से लेकर अब तक 16 बार विधायक निर्वाचित हुए हैं . वर्ष 1967 में पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया के दादा सागर सिंह सिसोदिया भी स्वतंत्र पार्टी से विधायक रह चुके हैं. चाचौडा सीट से 9 बार कांग्रेस और 6 बार निर्दलीय विधायक चुने गए हैं.

बीजेपी ने प्रियंका मीना को टिकिट देकर पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है. प्रियंका मीना को टिकिट मिलने से नाराज ममता मीना के बगावती तेवर बीजेपी के लिए सिरदर्द बना हुआ है. यदि ममता मीना पार्टी से बगावत कर के निर्दलीय चुनाव लड़ती हैं बीजेपी को नुकसान होना तय है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि ममता मीना निर्दलीय चुनाव लड़ती हैं तो मीना वोटबैंक बंट जाएगा जिसका सीधा फायदा कांग्रेस को मिलेगा.  

Advertisement

हालांकि, बीजेपी से टिकिट मिलने के बाद प्रियंका मीना आश्वस्त हैं कि चाचौडा के विकास के लिए ममता मीना उनका समर्थन करेंगी. पार्टी ने उनमें विश्वास जताया है. वे इस विश्वास को आगे भी बनाये रखेंगी.
 
 ममता मीना ने बयान देते हुए कहा कि टिकिट घोषित करने से पहले पार्टी ने उनसे पूछा तक नहीं. पैराशूट के माध्यम से टिकिट को लॉन्चिंग कर दी गई. ममता ने तंज कसा कि जैसे पार्टी से  टिकिट ले लिया, अब वैसे ही जनता से वोट भी ले लें. ममता मीना घर-घर जाकर अपनी पार्टी की प्रत्याशी प्रियंका मीना के लिए वोट नहीं मांगेंगी.
 
चाचौड़ा सीट पर डैमेज कंट्रोल करने के लिए फिलहाल बीजेपी की तरफ से कोई पहल नहीं की गई है. चाचौड़ा विधानसभा प्रभारी केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को बनाया गया है. यदि नरेंद्र सिंह तोमर चाचौड़ा सीट को बीजेपी की झोली में डालते हैं तो उनका कद भी बढ़ेगा. हालांकि, इस सीट को जीतना पार्टी के लिए उतना आसान भी नहीं होगा. 

फिलहाल कांग्रेस ने चाचौड़ा सीट से अब तक प्रत्याशी घोषित नहीं किया है. लेकिन माना जा रहा है कि कांग्रेस एक बार दोबारा लक्ष्मण सिंह पर दांव लगा सकती है. बीजेपी की रणनीति काफी हद तक कांग्रेस के टिकट पर भी टिकी हुई है.

Advertisement

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »