Mistakes That Damage Tiles: घर के बाथरूम से लेकर फर्स तक पर आजकल लोग टाइल्स लगवाते हैं. ये चमचमाती टाइल्स पूरे घर की खूबसूरती बढ़ा देती हैं. इनकी चमक बनाए रखने और इन्हें साफ रखने के लिए लोग रोजाना पोछा लगाते हैं. इसके साथ ही समय-समय पर इनकी डीप क्लीनिंग भी करते हैं. लेकिन कई बार टाइल्स को साफ करने के चक्कर में लोग ऐसी छोटी-छोटी गलतियां कर देते हैं, जो टाइल्स को नुकसान पहुंचाने लगती हैं.
इन गलतियों की वजह से धीरे-धीरे टाइल्स में बारीक दरारें पड़ने लगती हैं और इन्हीं दरारों व गैप्स में चींटियां और कनखजूरे जैसे कीड़े-मकौड़े अपना ठिकाना बना लेते हैं. अगर आपके घर की टाइल्स में भी दरारें पड़ गई हैं और आप बहुत परेशान हैं, तो टेंशन ना लें. आज हम आपको उन गलतियों के बारे में बताने वाले हैं, जिन्हें टाइल्स की सफाई के दौरान करने से बचना चाहिए. अगर आप चाहते हैं कि आपकी टाइल्स लंबे समय तक नई जैसी बनी रहें और घर में चींटियों की परेशानी न बढ़े, तो सफाई करते समय इन गलतियों से बचना जरूरी है.
1. तेजाब या हार्श केमिकल का इस्तेमाल न करें: टाइल्स पर जमे जिद्दी दाग हटाने के लिए कुछ लोग उन पर पर तेजाब या बहुत स्ट्रॉन्ग क्लीनर डाल देते हैं. इससे टाइल्स की ऊपरी परत और उनके बीच का ग्राउट कमजोर होने लगता है. ऐसे में समय के साथ इनमें बारीक दरारें पड़ सकती हैं, जो चींटियों के छिपने की जगह बन जाती हैं.
2. टाइल्स पर बार-बार उबलता गर्म पानी न डालें: अगर आप भी उन्हीं में से हैं, जिन्हें लगता है कि एकदम खौलते हुए गर्म पानी से सफाई बहुत अच्छी होती है, तो आपके घर की टाइल्स में दरारें जरूर होंगी. बहुत गर्म पानी से सफाई करने की आदत भी नुकसान पहुंचा सकती है. अचानक टेंपरेचर बदलने से कुछ तरह की टाइल्स और ग्राउट पर दबाव पड़ता है, जिससे उनमें महीन क्रैक आने का खतरा बढ़ सकता है. टाइल्स की सफाई के लिए हल्का गुनगुना या नॉर्मल पानी को इस्तेमाल करना बेहतर ऑप्शन होता है.
3. लोहे के स्क्रबर से रगड़ने की गलती न करें: स्टील स्क्रबर या तेज धार वाले स्क्रैपर से टाइल्स को रगड़कर साफ पर उनकी सतह पर खरोंच पड़ सकती है. बार-बार ऐसा करने से टाइल्स कमजोर होने लगती हैं. ऐसे में सफाई के लिए हमेशा सॉफ्ट ब्रश, माइक्रोफाइबर कपड़ा या स्पंज का इस्तेमाल करें.
4. टाइल्स के बीच की ग्राउट को नजरअंदाज न करें: अक्सर लोग सिर्फ टाइल्स चमकाने पर ध्यान देते हैं, लेकिन उनके बीच की ग्राउट की सफाई नहीं करते. इसकी वजह से वहां धूल, नमी और गंदगी जमा होने लगती है. अगर ग्राउट टूटने लगे या उसमें गैप बन जाए, तो चींटियां और कनखजूरे आसानी से वहीं अपना रास्ता और घर बना सकती हैं.
5. सफाई के बाद फर्श को लंबे समय तक गीला न छोड़ें: पोछा लगाने के बाद अगर फर्श देर तक गीला रहता है, तो नमी बढ़ जाती है. लगातार नमी रहने से ग्राउट कमजोर हो सकता है और छोटे-छोटे गैप बनने लगते हैं. इसके अलावा नमी चींटियों समेत कई छोटे कीड़ों को भी अट्रैक्ट कर सकती है.
छोटी दरारों को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी: अगर किसी टाइल में हल्की-सी दरार दिखाई दे रही है, तो उसे मामूली समझकर छोड़ना भी भारी पड़ सकता है. समय रहते उसे रिपेयर करा लें. यही छोटी दरारें धीरे-धीरे बड़ी हो सकती हैं और उनमें धूल, नमी व कीड़े जमा होने लगते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क