गर्मी में अक्सर सांप की आवाजाही शहरी इलाकों के आसपास बढ़ जाती है और यदि कहीं सांप दिख जाए तो अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाते हैं. वहीं रोजाना सांप काटने की खबरें सुनने के बाद लोगों के मन में एक डर पैदा हो जाता है कि कहीं उनके आसपास, घर या गार्डन में सांप तो नहीं है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि कई बार आप खुद सांपों को अपने करीब आने का न्योता देते हैं? जाने-अनजाने में की गई कुछ आदतें सांपों को काचने के लिए न्यौता देती हैं. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सांप इंसानों के पास अपनी मर्जी से नहीं आते, बल्कि उन्हें खाना, पानी और छिपने की जगह वहां खींच लाती है. अगर आप अपने घर और गार्डन को सुरक्षित रखना चाहते हैं तो आपको यह समझना होगा कि कौन सी चीजें सांपों को आपकी ओर आकर्षित करती हैं.
WebMD के अनुसार, सांप अक्सर ऊंची घास, पत्थरों के नीचे या लकड़ियों के ढेर में छिपे रहते हैं क्योंकि वहां उन्हें शिकार आसानी से मिल जाते हैं.
कई बार लोग जब किसी पथरीले इलाकों में जाते हैं तो यदि वे बने हुए रास्ते या पगडंडी को छोड़कर झाड़ियों या पत्थरों के बीच चलते हैं तो सांप के काटने का खतरा सबसे ज्यादा होता है. बिना पगडंडी के चलने पर आपका पैर अनजाने में उन पर पड़ सकता है जिससे वे रक्षात्मक रूप से हमला कर देते हैं.
जंगलों या घास वाले इलाकों में जाते समय चप्पल या सैंडल पहनना बहुत खतरनाक हो सकता है. सीडीसी के मुताबिक, ऐसे इलाकों में हमेशा ऊंचे और मजबूत बूट पहनने चाहिए. सांप के दांत पतले कपड़े या चप्पल को आसानी से पार कर सकते हैं जबकि चमड़े या मोटे रबर के जूते आपको जहरीले डंक से काफी हद तक सुरक्षा देते हैं.
द नेशनल वाइल्ड लाइफ फेडरेशन का कहना है कि गार्डन की सफाई करते समय सीधे हाथ झाड़ियों या घने पौधों के बीच डालना रिस्की हो सकता है. विशेषज्ञों का मानना है कि सांप अक्सर ठंडी और नमी वाली जगहों पर कुंडली मारकर बैठे रहते हैं. यदि आप बिना दस्ताने पहने या बिना देखे ऐसी जगहों पर हाथ डालते हैं तो सांप इसे हमला समझकर काट सकता है.
अक्सर लोग फोन देखते हुए या बातें करते हुए चलते हैं और नीचे ध्यान नहीं देते. सांप बहुत ही बेहतरीन तरीके से खुद को आसपास के माहौल में ढाल लेते हैं. मायो क्लीनिक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कई लोग सांप को जमीन पर पड़ी कोई सूखी टहनी या रस्सी समझकर उस पर पैर रख देते हैं. सतर्कता की कमी ही स्नेक बाइट की मुख्य वजह बनती है.
सांपों का खून ठंडा होता है इसलिए वे गर्मी और बारिश के मौसम में सबसे ज्यादा सक्रिय होते हैं. फिर जैसे-जैसे तापमान बढ़ता है तो सांप प्रजनन और भोजन की तलाश में बाहर निकलते हैं. इस दौरान खुले इलाकों, खेतों या जंगलों में बिना सावधानी के घूमना खतरे से खाली नहीं है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क