मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है. वो दूसरी बार दादा बन गए हैं. उनके छोटे बेटे कुणाल चौहान और रिद्धि माता-पिता बन गए हैं. उनके घर बेटे का जन्म हुआ है. इसी साल 21 जनवरी को उनके बड़े बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान और बहू अमानत, बेटी के माता-पिता बने थे. घर में नन्हे मेहमान के आने से पूरे चौहान परिवार में खुशी का माहौल है. परिवार के साथ-साथ उनके चाहने वाले भी इस खुशखबरी से बेहद उत्साहित हैं.
शिवराज सिंह चौहान ने खुद सोशल मीडिया के जरिए ये खुशखबरी लोगों के साथ शेयर की है. उन्होंने बताया कि उनके घर पोते ने जन्म लिया है और उसका नाम ‘अहान’ रखा गया है. पोते के दादा बनने की खुशी शिवराज सिंह चौहान की पोस्ट में भी साफ नजर आई. परिवार में नए सदस्य के आने से चौहान परिवार के लिए ये पल बेहद खास बन गया है.
पोते के जन्म से बेहद खुश हैं शिवराज सिंह चौहान
शिवराज सिंह चौहान ने पोते के जन्म की खुशखबरी साझा करने के लिए एक वीडियो शेयर की है. वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, ' आज हमारे जीवन में फिर एक बार सौभाग्य का सूर्योदय हुआ है. बेटे के रूप में ‘अहान’ हमारे घर अपार खुशियां लेकर आया है. कुणाल और रिद्धि माता-पिता बने हैं, मुझे और साधना को फिर से दादा-दादी बनने का सौभाग्य मिला है.'
उन्होंने आगे लिखा, 'कार्तिकेय-अमानत बड़े पापा-बड़ी मम्मी बन गए हैं और हमारी लाड़ली इला का भाई हमारे घर खुशियां लेकर आया है. बेटे 'अहान' की नन्ही-सी किलकारी ने पूरे घर को आनंद और प्रेम से भर दिया है. यs हमारे लिए ईश्वर का अनमोल आशीष है. संदीप जैन जी और स्वाति जैन जी को भी नाना-नानी बनने की बहुत-बहुत बधाई.'
पोते को प्यार से गोद में लेते दिखे शिवराज सिंह चौहान
वीडियो में शिवराज सिंह चौहान नर्स से अपने नवजात पोते को अपने हाथों में लेते हुए दिखाई दे रहे हैं. उनके बगल में उनकी पत्नी भी खड़ी हैं, जो अपने पोते को प्यार से निहार रही हैं. वीडियो में पोते का चेहरा दिल के इमोजी से छिपाया हुआ है.
‘अहान’ नाम में छिपा है खास मतलब
शिवराज सिंह चौहान ने अपने पोते का नाम ‘अहान’ रखा है, जो सुनने में जितना प्यारा है, इसका मतलब भी उतना ही खास है. ‘अहान’ एक मशहूर भारतीय और हिंदू नाम है. संस्कृत में इसका संबंध ‘अहन’ या ‘अह’ शब्द से माना जाता है, जिसका अर्थ ‘दिन’ होता है. आमतौर पर ‘अहान’ का अर्थ भोर, सूर्योदय, सुबह की पहली किरण या नई शुरुआत माना जाता है. ये नाम नई सुबह, रोशनी और जीवन में एक नई शुरुआत का प्रतीक भी माना जाता है.
पोती के नाम का मतलब भी है खास
शिवराज सिंह चौहान के 21 जनवरी 2026 को पोती का जन्म हुआ था. उन्होंने अपनी पोती का नाम ‘इला’ रखा था. ये नाम संस्कृत से लिया गया है और इसका संबंध धरती, वाणी और उर्वरता की देवी से माना जाता है. वैदिक ग्रंथों में इला को ‘इदा’ नाम से भी जाना जाता है. उन्हें सरस्वती और भारती के साथ भी पूजा जाता है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इला वैवस्वत मनु की बेटी और बुध देव की पत्नी थीं. उनके पुत्र का नाम पुरूरवा था.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क