Home remedies cause hair fall: बालों की देखभाल के लिए अक्सर लोग नेचुरल चीजें या फिर घरेलू नुस्खों का उपयोग अधिक कर हे हैं. ऐसे में कई प्राकृतिक पदार्थ फायदेमंद हो सकते हैं लेकिन 'प्राकृतिक' शब्द का मतलब यह नहीं है कि वह चीज किसी भी व्यक्ति के लिए पूरी तरह से सुरक्षित है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, कुछ आम घरेलू नुस्खे आपके स्कैल्प के प्राकृतिक pH को बिगाड़ सकते हैं, नेचुरल ऑयल को हटा सकते हैं और यदि इनका बार-बार इस्तेमाल किया जाए तो बालों के टूटने का कारण भी बन सकते हैं. वैज्ञानिक रिसर्च और विशेषज्ञों के मुताबिक, उन चीजों के बारे में जान लीजिए जो बालों को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
नींबू का रस (Lemon Juice)
नींबू की प्रकृति एसिडिक होती है और इसका इस्तेमाल डैंड्रफ हटाने और ऑयली स्कैल्प के लिए किया जाता है. इंसान के बालों का पीएच लेवल 4.5 से 5.5 के बीच होता है और नींबू इसे बिगाड़ देता है.
यदि नींबू को सीधे स्कैल्प पर लगाया जाए तो स्किन इरिटेशन और ड्राइनेस हो सकती है. इतना ही नहीं, धूप में निकलने पर यह फोटोटॉक्सिसिटी पैदा कर सकता है जिससे बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं और दोमुंहे बालों की समस्या बढ़ जाती है.
बेकिंग सोडा (Baking Soda)
द जर्नल ऑफ इंटीग्रेटिव डर्मेटोलॉजी के अनुसार, गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया बेकिंग सोडा बालों के स्ट्रैंड्स को कमजोर कर देता है.
कई लोग स्कैल्प से एक्स्ट्रा गंदगी हटाने के लिए बेकिंग सोडा का यूज करते हैं पर यह बहुत अधिक अल्कलाइन होता है. यह बालों की ऊपरी परत को खोल देता है जिससे बालों की नमी खत्म हो जाती है और बाल रूखे व बेजान दिखने लगते हैं.
एप्पल साइडर विनेगर (Apple Cider Vinegar)
एप्पल साइडर विनेगर बालों में चमक लाने के लिए अच्छा है लेकिन इसे कभी भी सीधा इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. अगर आप इसे बिना पानी में मिलाए या बहुत ज्यादा फ्रीक्वेंसी के साथ यूज करते हैं तो यह स्कैल्प में जलन पैदा कर सकता है. यदि आपको एक्जिमा या सोरायसिस जैसी समस्या है तो यह आपके लिए खतरनाक हो सकता है.
नारियल का तेल (Coconut Oil)
नारियल का तेल अधिकतर लोग रोजाना इस्तेमाल करते हैं लेकिन क्या आप जानते हैं जरूरत से ज्यादा नारियल तेल का इस्तेमाल बालों को चिपचिपा और भारी बना देता है. इसके मोटे फॉर्मूलेशन की वजह से स्कैल्प पर गंदगी जमा होने लगती है जो सीबोरिया जैसी समस्याओं का कारण बन सकती है.
कच्चे अंडे का मास्क (Raw Egg Masks)
प्रोटीन ट्रीटमेंट के नाम पर कच्चे अंडे का मास्क बहुत पॉपुलर है. लेकिन हकीकत यह है कि कच्चा अंडा बालों के डैमेज को बहुत कम रिपेयर करता है. उल्टा, यह बालों पर प्रोटीन बिल्डअप की परत बना देता है, जिससे बाल सख्त और कड़क हो जाते हैं.
साथ ही कच्चे अंडे से बैक्टीरिया (जैसे साल्मोनेला) का खतरा और अजीब सी बदबू भी हो सकती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क