Gas Saving Tips: गैस सिलेंडर जल्दी हो जाता है खत्म? आज ही सुधारें ये गलतियां, ज्यादा दिन चलेगी गैस!

Gas Saving Tips: गैस सिलेंडर जल्दी खत्म हो जाता है तो किचन की कुछ आदतें इसकी वजह हो सकती हैं. तेज आंच पर खाना पकाने, गैस जलाकर तैयारी करने और बर्तन खुला रखने जैसी गलतियां करने से बचना चाहिए. आज हम आपको गैस सिलेंडर को लंबे समय तक चलाने के तरीरे बताने वाले हैं.

Advertisement
हमेशा बर्तन के हिसाब से ही बर्नर चुनना चाहिए. (Photo: ITG) हमेशा बर्तन के हिसाब से ही बर्नर चुनना चाहिए. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 23 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 6:40 AM IST

Gas Saving Tips: घर में सुबह की चाय से लेकर रात के खाने तक, गैस सिलेंडर का इस्तेमाल लगभग हर दिन होता है. कभी दाल पकानी होती है, तो कभी सब्जी और रोटियां बनानी होती हैं. ऐसे में जब सिलेंडर समय से पहले खत्म हो जाता है, तो दोबारा बुकिंग कराने के साथ जेब पर भी असर पड़ता है. कई बार लोगों को लगता है कि घर में खाना ज्यादा बन रहा है, इसलिए गैस जल्दी खत्म हो रही है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि खाना बनाने के दौरान आपकी कुछ छोटी-छोटी आदतें भी गैस की खपत बढ़ा सकती हैं?

Advertisement

मजेदार बात ये है कि इन गलतियों को सुधारने के लिए आपको न तो कम खाना बनाना है और न ही अपने रोज के मेन्यू में कोई बदलाव करना है. बस गैस जलाने से लेकर खाना पकाने तक के तरीके में थोड़ा ध्यान देना होगा. अगर आप भी चाहते हैं कि आपका LPG सिलेंडर लंबे समय तक चले और बार-बार बुकिंग कराने की परेशानी से राहत मिले, तो किचन की इन 3 आदतों को आज ही बदल लें.

1. हर चीज तेज आंच पर न पकाएं: कई लोग खाना जल्दी बनाने के चक्कर में हमेशा तेज फ्लेम का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन जब गैस की लौ बर्तन के तले से बाहर निकलने लगती है, तो गर्मी बेकार जाती है और गैस ज्यादा खर्च होती है. इसलिए बर्तन की शेप के हिसाब से ही आंच रखें. इस बात का ध्यान रखें कि गैस की लौ बर्तन के बाहर ना निकले. खाना उबलने के बाद जरूरत के मुताबिक फ्लेम धीमी कर दें. इससे गैस की खपत कम करने में मदद मिल सकती है.

2. गैस जलाने से पहले पूरी तैयारी कर लें: कई लोग गैस जलाने के बाद सब्जियां काटते हैं और मसाले निकालने लगते हैं. इस दौरान लौ बेवजह जलती रहती है. इससे बचने के लिए गैस जलाने से पहले सब्जियां काट लें, मसाले और जरूरी बर्तन पास में रख लें. इससे खाना बनाने में आसानी होगी और गैस भी बेवजह खर्च नहीं होगी.

3. खाना पकाते समय बर्तन पर ढक्कन लगाएं: बर्तन खुला रखने से गर्मी और भाप बाहर निकलती रहती है, जिससे खाना पकने में ज्यादा समय लग सकता है. इसलिए दाल, सब्जी और पानी उबालते समय जरूरत के मुताबिक ढक्कन लगाएं. इससे गर्मी अंदर बनी रहती है और खाना जल्दी पक सकता है. हालांकि, दूध जैसी चीजों को उबालते समय थोड़ी सावधानी रखें और उन्हें बिना निगरानी के न छोड़ें.

गैस की बचत के लिए इन 4 बातों का भी रखें ध्यान

Advertisement

बर्नर की सफाई करते रहें: गैस चूल्हे के बर्नर में गंदगी या खाने के कण जमा होने से लौ ठीक से नहीं निकल सकती. इसलिए बर्नर की नियमित सफाई करें. अगर फ्लेम का रंग सामान्य से अलग दिख रहा हो या लौ ठीक से न निकल रही हो, तो चूल्हे को चेक कराएं.  

बर्तन के हिसाब से चुनें बर्नर: छोटे बर्तन को बहुत बड़े बर्नर पर रखने से लौ बर्तन के किनारों तक फैल सकती है. ऐसे में गर्मी का कुछ हिस्सा बेकार चला जाता है. कोशिश करें कि बर्तन की शेप के हिसाब से सही बर्नर चुनें और बर्तन को चूल्हे पर ठीक से रखें.

दाल, चना और राजमा पहले भिगो दें: चना, राजमा और कुछ दूसरी दालों को पकाने से पहले भिगोने से उनका पकने का समय कम हो सकता है. इससे गैस को लंबे समय तक जलाने की जरूरत भी कम पड़ सकती है. हालांकि, इन्हें अच्छी तरह पकाना जरूरी है.

खाना बनाने से पहले पूरी तैयारी कर लें: खाना बनाने बैठने से पहले सब्जियां, मसाले और दूसरे जरूरी सामान तैयार रखें. अगर एक साथ कई चीजें बनानी हैं, तो उनकी तैयारी पहले से कर लें. इससे गैस बार-बार जलाने या बर्नर को लंबे समय तक चालू रखने की जरूरत कम होगी.

क्या इन तरीकों से सिलेंडर 15 दिन ज्यादा चलेगा?
इन आदतों को बदलने से गैस की खपत कम करने में मदद मिल सकती है, लेकिन सिलेंडर पूरे 15 दिन ज्यादा चलेगा, इसकी कोई गारंटी नहीं है. ये इस बात पर निर्भर करता है कि घर में कितने लोग हैं, रोज कितना खाना बनता है और गैस का इस्तेमाल किस तरह किया जाता है. फिर भी, छोटी-छोटी गलतियों को सुधारकर आप गैस की बर्बादी कम कर सकते हैं और सिलेंडर को ज्यादा समझदारी से इस्तेमाल कर सकते हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »