How To Use Expired Creams: एक्सपायर हो गई है चेहरे की क्रीम? कूड़ेदान में फेंकने के बजाय ऐसे करें इस्तेमाल, चमकेगा घर और बचेंगे पैसे

How To Use Expired Creams: ड्रेसिंग टेबल में पड़ी एक्सपायर्ड क्रीम को बेकार समझकर फेंकने से पहले आपको थोड़ा सेचने की जरूरत पड़ेगी. एक्सपायर हो चुकी ब्यूटी क्रीम्स आपके घर को चमकाने में बहुत काम आ सकती है. इन्हें लेदर चमकाने, फर्नीचर साफ करने, स्टिकर हटाने, जिप स्मूद करने समेत घर के कई कामों में इस्तेमाल किया जा सकता है.

Advertisement
एक्सपायर हो चुकी क्रीम्स को आप घर के दरवाजों से आने वाली आवाज दूर करने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. (Photo: ITG) एक्सपायर हो चुकी क्रीम्स को आप घर के दरवाजों से आने वाली आवाज दूर करने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 21 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:48 PM IST

How To Use Expired Creams: अक्सर घरों में बहुत सारी ब्यूटी क्रीम्स-मॉइस्चराइजर्स आते हैं, जिनमें से कुछ बिना पूरा इस्तेमाल हुए ही एक्सपायर हो जाते हैं. ताज्जुब की बात ये है कि लोगों का ध्यान इनपर अक्सर तब जाता है, जब तक इनकी इस्तेमाल करने की तारीख निकल चुकी होती है या कहें ये एक्सपायर हो चुकी होती है. लोगों को ड्रेसिंग टेबल या अलमारी साफ करते समय जब ऐसे ही एक्सपायर हो चुकी पुरानी क्रीम या लोशन मिलते हैं, तो वो बिना सोचे-समझे उन्हें कूड़ेदान में फेंक देते हैं.

क्या आप भी ऐसा ही करते हैं? अगर हां, तो आप अपना नुकसान कर रहे हैं. क्या आप जानते हैं कि एक्सपायर होने के बाद भी ये क्रीम कई घरेलू कामों में काम आ सकती हैं? भले ही इन्हें चेहरे या शरीर पर लगाना सही न हो, लेकिन घर की कई चीजों को चमकाने, साफ करने और स्मूद बनाने में ये काफी मददगार साबित हो सकती हैं. आज हम आपको एक्सपायर्ड क्रीम या लोशन के कुछ इस्तेमाल बताने वाले हैं.

1. पुराने लेदर के सामान की चमक वापस लाने के लिए: अगर आपके जूते, बैग, बेल्ट या वॉलेट की चमक फीकी पड़ गई है, तो एक्सपायर्ड क्रीम आपके काम आ सकती हैं. जी हां, एक्सपायर हो चुकी थोड़ी सी क्रीम या मॉइस्चराइजर को किसी मुलायम कपड़े पर लेकर लेदर पर हल्के हाथों से रगड़ें. इससे लेदर फिर से चमकदार लगने लगता है.

Advertisement

2. चिपचिपे स्टिकर के निशान हटाएं: एक्सपायर्ड क्रीम्स की मदद से आप नई बोतल, डिब्बे या क्रॉकरी पर लगे स्टिकर की चिपचिपी गोंद के निशानों को भी आसानी से हटा सकते हैं. ऐसे में उस जगह पर थोड़ी-सी क्रीम लगाकर कुछ मिनट छोड़ दें और फिर कपड़े से साफ कर दें. चिपचिपापन आसानी से निकल जाएगा.

3. लकड़ी के फर्नीचर को दें नई चमक: टेबल, कुर्सी, अलमारी या किसी भी लकड़ी के फर्नीचर पर हल्की-सी क्रीम लगाकर साफ कपड़े से पोंछ दें. इससे उनपर जमी धूल भी हट जाएगी और फर्नीचर ज्यादा चमकदार दिखने लगेगा.

4. अटकती हुई जिप को करें स्मूद: अगर बैग, पर्स या जैकेट की जिप बार-बार फंसती है, तो उस पर बहुत थोड़ी-सी एक्सपायर्ड क्रीम लगाकर ठीक किया जा सकता है. इससे जिप आसानी से चलने लगती है और अटकनी भी बंद हो जाती है.

Advertisement

5. दरवाजों के कब्जों की आवाज करें कम: अगर दरवाजा खोलते या बंद करते समय चर्र-चर्र की आवाज आती है, तो कब्जों पर थोड़ी-सी क्रीम लगा दें. इससे फ्रिक्शन कम होगा और आवाज भी काफी हद तक कम हो सकती है.

6. शेविंग टूल्स की सफाई में करें इस्तेमाल: आप शेविंग टूल्स को साफ करने के लिए भी एक्सपायर्ड क्रीम्स या लोशन का इस्तेमाल कर सकते हैं. एक्सपायर्ड क्रीम से रेजर या शेविंग ब्रश पर जमी गंदगी साफ करना आसान हो जाता है.  

7. नाखूनों के आसपास की हार्ड स्किन को करें मुलायम: अगर क्रीम से बदबू नहीं आ रही है और उसकी क्वालिटी ठीक लग रही है, तो बहुत कम मात्रा में इसे नाखूनों के आसपास की हार्ड स्किन (क्यूटिकल्स) पर लगाया जा सकता है. हालांकि, पहले एक छोटी जगह पर पैच टेस्ट जरूर कर लें और अगर जलन या खुजली हो तो इस्तेमाल न करें.

8. बालों के रूखे सिरों को दें थोड़ी नमी: आप इनका इस्तेमाल रूखे बालों को सॉफ्ट-स्मूद बनाने के लिए भी कर सकते हैं. बहुत थोड़ी मात्रा में क्रीम को सिर्फ बालों के सिरों पर लगाने से ड्राईनेस कुछ हद तक कम दिख सकती है और बाल कम उलझते हैं. ध्यान रखें कि इसे ज्यादा मात्रा में इस्तेमाल न करें.

9. मेटल के औजारों पर जंग लगने से रोकें: अगर घर में कैंची, गार्डन टूल्स या दूसरे मेटल के सामान हैं, तो उन पर बहुत पतली परत में क्रीम लगाई जा सकती है. इससे नमी से बचाव में मदद मिलती है और जंग लगने का प्रोसेस धीमा हो सकता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »