How to Freeze Curry Leaves: धनिया पत्ते के अलावा करी पत्ता भी खाने का स्वाद बदल देता है और इसे खासतौर पर कुछ डिशेज में जरूर से शामिल किया जाता है. करी पत्ता भारतीय रसोई का एक बेहद जरूरी हिस्सा है और दाल, सांभर, चटनी, सब्जी, पोहा और कई तरह की डिशेज में इसका तड़का खाने का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ा देता है. करी पत्ते की हल्की खुशबू किसी भी साधारण डिश को खास बना सकती है. यही वजह है कि ज्यादातर लोग इसे बाजार से लाकर कुछ दिनों के लिए फ्रिज में स्टोर करके रखते हैं.हालांकि, कई बार फ्रिज में रखने के बाद करी पत्ते की पत्तियां काली पड़ने लगती हैं.
धीरे-धीरे फ्रिज के अंदर भी करी पत्ता मुरझाने लगता है और उनमें से ताजगी और खुशबू भी गायब हो जाती है. ऐसे में करी पत्ता खरीदने के कुछ ही दिनों बाद खराब हो जाता है और उसे फेंकना पड़ता है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान किचन ट्रिक्स की मदद से आप करी पत्ते को लंबे समय तक ताजा और इस्तेमाल करने लायक रख सकते हैं.
करी पत्ते को स्टोर करते समय सबसे ज्यादा ध्यान नमी पर देना चाहिए. पत्तियों में अगर पानी रह जाए या उन्हें सही तरीके से पैक न किया जाए, तो वे जल्दी काली पड़ सकती हैं. आइए जानते हैं करी पत्ते को लंबे समय तक फ्रेश रखने के आसान तरीके.
करी पत्ता काला क्यों पड़ जाता है?
करी पत्ते के जल्दी काला पड़ने और खराब होने की सबसे बड़ी वजह उसमें जमा नमी होती है. अक्सर लोग करी पत्ते को धोकर तुरंत फ्रिज में रख देते हैं. पत्तियों पर मौजूद पानी और फ्रिज के अंदर की नमी मिलकर उन्हें जल्दी खराब कर सकती है. इसके अलावा, तापमान में बार-बार बदलाव, गलत पैकिंग और हवा का सही तरीके से न निकलना भी करी पत्ते के काले पड़ने की वजह बन सकता है.
स्टोर करने से पहले पत्तियों को अच्छी तरह सुखाएं
यह छोटी सी सावधानी करी पत्ते को जल्दी काला पड़ने से बचा सकती है. इसलिए अगली बार जब भी करी पत्ते को स्टोर करना हो तो इन आसान ट्रिक्स का जरूर ध्यान रखें.
पेपर टॉवल में लपेटकर रखें
करी पत्ते को फ्रिज में स्टोर करने का सबसे आसान तरीका है कि इसे पेपर टॉवल में लपेटकर एयरटाइट कंटेनर या जिप लॉक बैग में रखें. पेपर टॉवल पत्तियों में मौजूद अतिरिक्त नमी को सोखने में मदद करता है.
करी पत्ते को कंटेनर में रखने से पहले नीचे और ऊपर पेपर टॉवल की एक लेयर लगा दें. अगर पेपर टॉवल गीला हो जाए, तो उसे बदल दें. इस तरह पत्तियां ज्यादा समय तक ताजा रह सकती हैं.
स्टोर करने से पहले हल्का क्रिस्प करें
अगर आप करी पत्ते को लंबे समय तक सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो इसे हल्का क्रिस्प करके भी स्टोर कर सकते हैं. इसके लिए पत्तियों को अच्छी तरह धोकर पूरी तरह सुखा लें. इसके बाद नॉन-स्टिक पैन में धीमी आंच पर 1-2 मिनट हल्का गर्म करें. ध्यान रखें कि पत्तियां जलनी नहीं चाहिए.
आप चाहें तो एयर फ्रायर या माइक्रोवेव की मदद से भी पत्तियों की अतिरिक्त नमी निकाल सकते हैं. करी पत्ते ठंडे होने के बाद उन्हें एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें. इस तरह आप लंबे समय तक इसका इस्तेमाल कर सकते हैं.
आइस क्यूब्स में करें स्टोर
अगर आप करी पत्ते को कई हफ्तों या महीनों तक सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो फ्रीज करना एक अच्छा तरीका हो सकता है.
करी पत्ते को फ्रीजर में भी कर सकते हैं स्टोर
करी पत्ते को धोकर पूरी तरह सुखाने के बाद एक ट्रे या प्लेट में फैलाकर कुछ घंटों के लिए फ्रीजर में रख दें. जब पत्तियां हल्की जम जाएं, तो उन्हें एयरटाइट फ्रीजर बैग या कंटेनर में भरकर रख सकते हैं. इस तरीके से करी पत्ते को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है.
हालांकि, फ्रीज किए हुए करी पत्ते की बनावट ताजे पत्तों जैसी नहीं रहती, लेकिन तड़के और खाना पकाने के लिए इसका स्वाद और खुशबू काफी अच्छी रहती है.
इन बातों का रखें ध्यान
करी पत्ते को स्टोर करने से पहले उसकी अतिरिक्त नमी जरूर हटा दें. गीली पत्तियों को सीधे बंद डिब्बे में रखने से वे जल्दी काली पड़ सकती हैं. साथ ही, खराब पत्तियों को बाकी करी पत्ते से अलग कर दें, क्योंकि एक खराब पत्ती भी बाकी पत्तियों को जल्दी खराब कर सकती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क