How To Make Nitrogen Rich Liquid Fertilizer From Cut Grass: घर में गार्डन या लॉन है तो उसमें घास जरूरी बिछाई हुई होगी. बिना घास गार्डन या लॉन अधूरा सा लगता है. घास ना केवल हरियाली देती है, बल्कि सुंदर भी लगती है. लेकिन समय-समय पर घास की कटाई करना भी जरूरी है. घास की कटाई के बाद काफी सारा कचरा निकलता है. आमतौर पर लोग कटी हुई घास को इकट्ठा करके सीधे बाहर फेंक देते हैं. लेकिन अगली बार ऐसा करने से पहले एक बार रुक जाइए. अगर आपके घर में पालक, मेथी, धनिया या दूसरी हरी सब्जियां उगती हैं, तो यही कटी घास आपके पौधों के लिए कमाल की चीज बन सकती है.
दरअसल, कटी हुई घास और पानी की मदद से घर पर ही एक तरह की नेचुरल लिक्विड खाद तैयार की जा सकती है. इसके लिए आपको बाजार से महंगी खाद या कोई खास प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं होगी. घर में लॉन की सफाई के दौरान निकलने वाली घास को सही तरीके से इस्तेमाल करके पौधों के लिए पोषक घोल तैयार किया जा सकता है. यानी जिसे आप अब तक गार्डन का कचरा समझकर फेंक रहे थे, उसे दोबारा इस्तेमाल करके पौधों की देखभाल में काम लिया जा सकता है. चलिए जानते हैं कैसे आप कटी हुई घास से घर पर ही कम खर्च में पौधों के लिए लिक्विड ऑर्गेनिक खाद तैयार कर सकते हैं.
कटी घास से ऐसे तैयार करें लिक्विड खाद
कटी घास से ऑर्गेनिक खाद बनाने के लिए सबसे पहले एक साफ बाल्टी लें और उसमें करीब आधी बाल्टी कटी हुई घास भर दें. अब इसमें इतना पानी डालें कि घास अच्छी तरह डूब जाए.
बाल्टी को ढककर करीब 10 से 14 दिनों के लिए रख दें. इस दौरान घास पानी में धीरे-धीरे गलने लगेगी और उसके पोषक तत्व पानी में मिल जाएंगे. कुछ समय बाद पानी का रंग और महक बदल सकती है, इसलिए इसे ऐसी जगह रखें जहां हवा का आना-जाना बना रहे.
इस्तेमाल से पहले इस बात का रखें ध्यान
10-14 दिन बाद तैयार घोल को अच्छी तरह छान लें. अब इसे सीधे पौधों में डालने की बजाय पानी के साथ पतला करके इस्तेमाल करें. इसके लिए 1 हिस्सा तैयार घोल और 10 हिस्से पानी मिलाएं. इस पतले घोल को पौधों की जड़ों के आसपास मिट्टी में डालें. इसे सीधे पत्तियों पर स्प्रे करने से बचें.
पालक-मेथी जैसे पौधों के लिए खूब आएगी काम
कटी घास से तैयार ये लिक्विड खाद खासतौर पर पत्तेदार सब्जियों के लिए इस्तेमाल की जा सकती है. पालक, मेथी, धनिया और लेट्यूस जैसे पौधों में इसका इस्तेमाल किया जा सकता है. इन पौधों को अच्छी ग्रोथ के लिए नाइट्रोजन की जरूरत होती है और घास में नाइट्रोजन मौजूद होता है.
हर तरह की घास से ना बनाएं खाद
यहां थोड़ी सावधानी बेहद जरूरी है. ऐसी घास का इस्तेमाल बिल्कुल न करें जिस पर पहले कीटनाशक या खरपतवारनाशक का इस्तेमाल किया गया हो. इसी तरह बीमार या फफूंदी लगी घास से भी खाद नहीं बनानी चाहिए. लिक्विड खाद तैयार करते समय तेज महक आ सकती है, इसलिए बाल्टी को बंद कमरे की बजाय हवादार जगह पर रखना बेहतर है.
लॉन का 'कचरा' बनेगा पौधों की खुराक
अगली बार लॉन की घास कटने के बाद उसे कूड़े में डालने से पहले एक बार जरूर सोचें. अगर घास साफ और किसी केमिकल से ट्रीटेड नहीं है, तो उसे पानी में डालकर कुछ दिनों में पौधों के लिए इस्तेमाल होने वाली लिक्विड खाद तैयार की जा सकती है. इससे घर में निकलने वाला ग्रीन वेस्ट भी काम आएगा और गार्डन के लिए ऑर्गेनिक खाद का ऑप्शन भी मिल जाएगा.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क