सफर के लिए ऐसे बनाएं परफेक्ट मसालेदार आलू और कुरकुरी पूड़ी, घर वालों को खाकर आ जाएगा मजा
गर्मियों की छुट्टियों में लंबे ट्रेन सफर के लिए मसाला आलू और पूड़ी एक परफेक्ट ऑप्शन है. यह टेस्टी होने के साथ लंबे समय तक फ्रेश भी रहता है. आइए जानते हैं कि मसालेदार आलू की आसान रेसिपी और ऐसी पूड़ियां बनाने का तरीका, जो सफर में भी टेस्टी और कुरकुरी बनी रहें.
Travel Special Masala Aloo: गर्मियों की छुट्टियों में अक्सर ही लोग घूमने निकल पड़ते हैं, कोई अपने परिवार के साथ पहाड़ों पर निकल पड़ता है, तो कुछ नानी घर के लिए निकल जाते हैं. मगर लंबे ट्रेन सफर में सबसे बड़ी टेंशन होती है खाने की. बाहर का खाना हर बार सेहत के लिए अच्छा नहीं होता और बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी को घर का बना खाना ही चाहिए होता है.
Advertisement
ऐसे में तड़का आलू की सब्जी और पूड़ी एक ऐसा कॉम्बिनेशन है, जो टेस्टी होने के साथ-साथ सफर के लिए भी बिल्कुल परफेक्ट माना जाता है. एक तो इसे बनाने में कोई झंझट नहीं होती है और दूसरा इसे पैक करने में भी आसानी होती है. अगर आपको भी सफर में ले जाने के लिए मसालेदार तड़का आलू की सब्जी बनानी है तो आज हम आपको एक बिल्कुल आसान और झटपट बनने वाला तरीका बताने जा रहे हैं.
आलू की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले खड़े मसाले भूनें, जिसके लिए एक पैन में जीरा, धनिया, सौंफ, काली मिर्च और सूखी लाल मिर्च को धीमी आंच पर हल्का ड्राई रोस्ट कर लें. जब उसमें से खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें.
इसके बाद भुने हुए मसालों को मिक्सर या ओखली में डालकर दरदरा पीस लें.अब इसमें अदरक और हरी मिर्च मिलाकर भी पीस लें.
अब उसी पैन में तेल गरम करें, उसमें जीरा और हींग डालकर चटकने दें.
पैन में अब तैयार किया हुआ दरदरा मसाला डालें और एक से दो मिनट तक अच्छे से भून लें. अब उबले हुए आलू, नमक और अमचूर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें.
सब चीजों को अच्छी तरह से कुछ मिनट तक पकाएं ताकि सारे मसालों का टेस्ट आलू में अच्छी तरह मिक्स हो जाए.
आखिर में ऊपर से बारीक कटा हुआ ताजा हरा धनिया डालें. अब इसे ठंडा होने के बाद आप सफर के लिए डिब्बे में पैक कर सकते हैं.
पूड़ी बनाने का सही तरीका
सफर के लिए पूड़ी का आटा थोड़ा सख्त गूंथें, इसमें हल्का सा सूजी या अजवाइन मिलाने से पूड़ियां लंबे समय तक कुरकुरी और टेस्टी बनी रहती हैं. पूड़ियों को मीडियम फ्लेम पर गोल्डन होने तक तलें,ताकि उनमें ज्यादा तेल न रहे और वे जल्दी खराब भी न हों.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क