शाम की चाय का समय हो या बच्चों की छोटी-मोटी भूख, अक्सर हम बाजार के तले हुए आलू चिप्स या अनहाइजीनिक स्नैक्स खा लेते हैं. लेकिन अगर आप सेहत और स्वाद का सही संतुलन चाहते हैं तो बाजार के आलू चिप्स छोड़ें और घर पर केवल 2 सेब से कुरकुरे और चटपटे एप्पल चिप्स बनाएं. सेब में प्राकृतिक मिठास और फाइबर होता है और जब इसे पतली स्लाइस में काटकर दालचीनी पाउडर व सेंधा नमक के साथ बिना तेल के सुखाया या बेक किया जाता है तो यह बेहद क्रिस्पी और टेस्टी स्नैक बनता है. इसे आप महीनों तक एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करके रख सकते हैं. आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि!
सामग्री:
2 बड़े ताजे और कड़क सेब
1/2 छोटा चम्मच दालचीनी पाउडर
1/2 छोटा चम्मच काला नमक या सेंधा नमक
1 बड़ा चम्मच नींबू का रस (सेब को काला होने से बचाने के लिए)
बनाने का तरीका
सेब को अच्छे से धोकर पोंछ लें. इसके बीच के बीज निकाल दें. स्लाइसर या तेज चाकू की मदद से सेब की पतली-पतली गोल स्लाइस काटें.
एक कटोरी पानी में 1 चम्मच नींबू का रस मिलाएं और सेब की स्लाइस को उसमें 1 मिनट डुबोकर निकाल लें. (इससे सुखाते समय सेब का रंग काला नहीं पड़ता).
स्लाइस को कपड़े या टिश्यू पर सुखाएं. फिर ऊपर से दालचीनी पाउडर और काला नमक/सेंधा नमक हल्का-सा छिड़कें.
पकाने के 2 आसान तरीके:
कड़ाही/धूप विधि (बिना ओवन): स्लाइस को प्लेट या सूती कपड़े पर फैलाकर 1-2 दिन कड़क धूप में सुखाएं या फिर कड़ाही में नमक का बेस बनाकर स्टैंड पर प्लेट रखें और धीमी आंच पर 30-40 मिनट तक क्रिस्पी होने तक सुखाएं.
ओवन/एयर फ्रायर विधि: 100°C पर प्री-हीटेड ओवन में 1 से 1.5 घंटे तक बेक करें. बीच में एक बार हर स्लाइस को पलटकर वापस ओवर में डाल दें.
ठंडा होने पर चिप्स एकदम क्रिस्पी हो जाएंगे. इन्हें एयरटाइट जार में भरकर साल भर मजे से खाएं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क