How To Grow Big Tomatoes In Pots AT Home: लोगों को अपने घर की छत, बालकनी या गार्डन में टमाटर का पौधा लगाना बहुत पसंद है. इनमें से किसी भी जगह पर टमाटर उगाना तो आसान है, लेकिन बहुत से लोग एक समस्या से परेशान रहते हैं. लोगों की शिकायत रहती है कि उनके टमाटर के पौधे पर फूल तो खूब आते हैं, लेकिन टमाटर नहीं बनते. अगर फूल टमाटर बन भी जाते हैं, तो बहुत छोटे रह जाते हैं. कई लोग मान लेते हैं कि उन्होंने पौधे में खाद गलत डाल दी है या फिर पानी कम/ज्यादा हो गया है.
अगर आपके घर में लगे टमाटर के पौधे के साथ भी ऐसा हो रहा है, तो हो सकता है कि गलती खाद या पानी की ना हो. गलती आपके पौधे की देखभाल के तरीके में भी हो सकती है. माली बताते हैं कि टमाटर के पौधे पर फूल आते ही अगर एक छोटा सा काम कर दिया जाए, तो पौधे की ताकत सही जगह लगती है और वो बड़े-बड़े, लाल और रसीले टमाटरों से लद जाता है.
क्यों झड़ जाते हैं टमाटर के फूल?
जब टमाटर के पौधे पर फूल आने शुरू होते हैं, तब उसे सबसे ज्यादा पोषण की जरूरत होती है. ये वो समय है जब पौधा अपनी पूरी एनर्जी फूलों को फल में बदलने के लिए इस्तेमाल करता है. लेकिन अगर पौधे की एनर्जी दूसरी जगह खर्च होने लगे, तो कई फूल सूखकर गिर जाते हैं या छोटे-छोटे टमाटर बनते हैं.
क्या होते हैं 'सकर्स' और क्यों हटाने चाहिए?
टमाटर के पौधे में मुख्य तने और बड़ी शाखा के बीच वी (V) आकार की जगह से छोटी-छोटी नई टहनियां निकलती हैं. इन्हें गार्डनिंग की भाषा में सकर्स (Suckers) कहा जाता है. ये टहनियां तेजी से बढ़ती हैं, लेकिन साथ ही पौधे का काफी पोषण भी खींच लेती हैं. यही वजह है कि फूलों और फलों तक पर्याप्त पोषण नहीं पहुंच पाता है.
फूल आते ही करें ये जरूरी काम
माली कहते हैं कि जैसे ही पौधे पर फूल दिखाई दें, इन छोटे-छोटे सकर्स को बहुत ध्यान से हाथ से तोड़कर या पिंच करके हटा दें. ऐसा करने से पौधे की एनर्जी बेकार टहनियां बनाने में खर्च नहीं होती और पूरा पोषण सीधे फूलों और बनने वाले फलों तक पहुंचता है.
सकर्स हटाते समय रखें ये सावधानी
सिर्फ उन्हीं छोटी टहनियों को हटाएं जो मुख्य तने और टहनी के बीच से निकल रही हों. पौधे की मजबूत टहनियों को बिल्कुल न काटें, क्योंकि यही आगे चलकर फलों का वजन संभालती हैं. गलत शाखा काटने से पौधा कमजोर हो सकता है. कई बार को वो इतना कमजोर हो जाता है कि वो सूख भी जाता है.
सकर्स हटाने के बाद क्या करें?
सिर्फ सकर्स हटा देना ही काफी नहीं है. इसके बाद टमाटर के पौधे को सही पोषण देना भी बहुत जरूरी है. इसके लिए आप पौधे में वर्मीकंपोस्ट डालें, थोड़ी मात्रा में नीम की खली मिलाएं, केले के छिलके से बना लिक्विड फर्टिलाइजर भी डाल सकते हैं. मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखें, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी न दें. इस बात का ध्यान रखें कि पौधे को रोज 6 से 7 घंटे धूप जरूर मिले.
इस तरीके से क्या फायदा होगा?
अगर समय पर सकर्स हटा दिए जाएं और पौधे को सही देखभाल मिले, तो पौधे की एनर्जी सीधे फूलों और फलों पर लगती है. इससे फूल झड़ने की समस्या कम हो सकती है, टमाटर बड़े और रसीले हो सकते हैं और एक ही पौधे पर ज्यादा फल आने के चांस बढ़ जाते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क