How To Get Rid Of Cockroach: जरा सोचिए घर आपका है और आपके साथ बिन बुलाए अगर कोई रहने आ जाए तो आपको कैसे लगेगा? बहुत बुरा या फिर उसे तुरंत भगाने का मन करेगा. लेकिन क्या आप ऐसा करते हैं जब आपके घर में चूहे, छिपकलियां और गंदगी फैलाने वाले कॉकरोच अपना बसेरा जमा लेते हैं? ज्यादातर लोग इन्हें देख देखकर गुस्सा होते रहते हैं, लेकिन भगा नहीं पाते हैं. अगर आप भी उनमें से हैं तो आज हम आपको आपकी रसोई में इधर-उधर भागते कॉकरोच को भगाने के बहुत ही सस्ते और आसान उपाय बताएंगे.
जी हां, रसोई से कॉकरोच का सफाया करना बहुत जरूरी है क्योंकि ये छोटे-छोटे कीड़े सिर्फ गंदगी ही नहीं फैलाते, बल्कि खाने को भी खराब कर सकते हैं. इन्हें भगाने के लिए हमेशा महंगे केमिकल या स्प्रे की जरूरत नहीं पड़ती. घर में मौजूद कुछ चीजें आपको इनसे छुटकारा दिला सकती हैं. चलिए जानते हैं आप किन चीजों से कॉकरोच को अपनी रसोई से दुम दबाकर भागने पर मजबूर कर सकते हैं.
तेजपत्ता की खुशबू से दूर भागते हैं कॉकरोच
कॉकरोच को भगाने का एक सस्ता तरीका तेजपत्ता का इस्तेमाल है. दरअसल, इन्हें तेजपत्ता की तेज महक पसंद नहीं होती. आप 4-5 तेजपत्तों को हल्का मसलकर सिंक के नीचे, गैस के पीछे या किचन के कोनों में रख दें. कुछ दिनों में आपको अपने आप फर्क दिखने लगेगा. ध्यान रखें कि पत्तों को हर 8-10 दिन में बदलते रहें क्योंकि इनकी महक उड़ जाती है.
बेकिंग सोडा और चीनी का देसी जुगाड़
इस लिस्ट में दूसरा नुस्खा बेकिंग सोडा और चीनी है. बराबर मात्रा में बेकिंग सोडा और चीनी मिलाकर छोटी प्लेट में रख देंय चीनी कॉकरोच को अपनी तरफ खींचती है और बेकिंग सोडा उन्हें खत्म करने में मदद करता है. इसे खासतौर पर रात में रखने से ज्यादा असर देखने को मिलता है.
रात में सिंक बिल्कुल सूखा छोड़ें
अगर आपको रात में सिंक में बिना धुले बर्तन छोड़ने की आदत है तो कॉकरोच को न्योता देती है. दरअसल, कॉकरोच गीली जगहों पर जल्दी आते हैं. इसलिए रात को बर्तन धोने के बाद सिंक और आसपास की जगह को सूखा जरूर करें. गीला कपड़ा, स्पंज या पानी भरे बर्तन रातभर खुले में न छोड़ें.
नींबू वाला पानी करेगा डबल काम
रसोई साफ करते समय पानी में थोड़ा-सा नींबू का रस मिला लें. इससे स्लैब और फर्श साफ होने के साथ ऐसी खुशबू आती है जो कॉकरोच को पसंद नहीं होती. साथ ही रसोई भी फ्रेश महसूस होती है.
लौंग और नीम भी हैं असरदार
मसालों के डिब्बों या स्टोरेज कैबिनेट में 2-3 लौंग रख दें. चाहें तो नीम की पत्तियां भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इनकी तेज गंध कॉकरोच को दूर रखने में मदद करती है.
कूड़ेदान को करते रहें साफ
अगर आप कूड़ेदान को रोज साफ नहीं करते हैं, तो कॉकरोच जल्दी खींचे चले आते हैं. कोशिश करें कि रात में रसोई का कूड़ा बाहर फेंक दें और कूड़ेदान को हफ्ते में कम से कम दो बार धोएं.
छोटी दरारें भी बन सकती हैं बड़ी समस्या
कई बार कॉकरोच पाइपलाइन, अलमारी की दरारों या दीवार के छोटे गैप से घर में घुस आते हैं. ऐसे में इन जगहों को सील करना बहुत जरूरी है. एक्सपर्ट्स भी मानते हैं कि छोटे-छोटे गैप बंद करने से कॉकरोच की समस्या काफी कम हो सकती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क