How to do Hair Spa at Home: आज के दौर में धूल-मिट्टी, प्रदूषण, अनहेल्दी लाइफस्टाइ और स्ट्रेस की वजह से बालों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही है. इसके कारण बाल रूखे, बेजान और कमजोर होने लगते हैं. ऐसे में हेयर स्पा बालों को पोषण देने और उन्हें हेल्दी बनाए रखने का एक बेहतरीन तरीका माना जाता है. हालांकि, कई लोगों को लगता है कि हेयर स्पा सिर्फ पार्लर में ही कराया जा सकता है लेकिन ऐसा नहीं है.
आप घर पर मौजूद कुछ आसान चीजों की मदद से भी हेयर स्पा कर सकते हैं. इससे न सिर्फ बालों को गहराई से पोषण मिलता है, बल्कि स्ट्रेस भी कम होता है और बाल मुलायम, चमकदार व मजबूत बनते हैं. अगर आपके पास पार्लर जाने का समय नहीं है तो घर पर ही इन आसान स्टेप्स को फॉलो करके हेयर स्पा का फायदा उठा सकते हैं.
सबसे पहले बालों में तेल लगाएं
हेयर स्पा की शुरुआत बालों में गुनगुना तेल लगाने से करें. इसके लिए आप नारियल, जैतून या बादाम के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं. लगभग 10 से 15 मिनट तक हल्के हाथों से सिर की मसाज करें. इससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और बालों की जड़ों को पोषण मिलता है.
बालों को स्टीम दें
तेल लगाने के बाद बालों को स्टीम देना जरूरी होता है, ताकि तेल बालों की जड़ों तक अच्छी तरह पहुंच सके. इसके लिए किसी मशीन की जरूरत नहीं है. एक तौलिये को गर्म पानी में भिगोकर निचोड़ लें और 10 मिनट के लिए सिर पर लपेट लें.
माइल्ड शैंपू से बाल धोएं
स्टीम देने के बाद बालों को किसी माइल्ड और कम केमिकल वाले शैंपू से धो लें. इससे सिर की गंदगी और एक्स्ट्रा ऑयल साफ हो जाएगा. ध्यान रखें बाल धोते समय बहुत गर्म पानी का इस्तेमाल नहीं करना है.
हेयर मास्क लगाएं
हेयर स्पा का सबसे जरूरी हिस्सा हेयर मास्क होता है. आप बाजार में मिलने वाले हेयर मास्क का इस्तेमाल कर सकते हैं या फिर केला, दही, शहद और एलोवेरा जैसी चीजों से घर पर भी हेयर मास्क तैयार कर सकते हैं. इसे बालों की जड़ों से लेकर सिरों तक लगाएं और 20 से 30 मिनट बाद धो लें.
लास्ट में कंडीशनर लगाकर करें फिनिश
अंत में बालों में कंडीशनर लगाएं और 2 से 3 मिनट बाद ठंडे पानी से धो लें. इससे बालों में नमी बनी रहती है और वे मुलायम व चमकदार नजर आते हैं. बेहतर रिजल्ट के लिए हर दो हफ्ते में एक बार घर पर हेयर स्पा जरूर करें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क