Manicure Pedicure at Home: चेहरे और बालों की तरह नाखूनों की देखभाल भी बेहद जरूरी होती है. इसके लिए कई लोग पार्लर जाकर मैनीक्योर-पेडीक्योर करवाते हैं लेकिन हर बार पार्लर जाना संभव नहीं होता. ऐसे में आप घर पर ही आसानी से अपने हाथों और पैरों की देखभाल कर सकते हैं. इससे न सिर्फ नाखून साफ और सुंदर दिखेंगे, बल्कि हाथ-पैरों की त्वचा भी मुलायम रहेगी. मैनीक्योर हाथों और हाथों के नाखूनों की देखभाल की प्रोसेस है, जबकि पेडीक्योर पैरों और उनके नाखूनों की देखभाल को कहा जाता है. आइए जानते हैं घर पर मैनीक्योर और पेडीक्योर कैसे किया जा सकता है.
इन चीजों को रखें पास
मैनीक्योर और पेडीक्योर करने के लिए एक साफ जगह चुनें. फर्श पर तौलिया या अखबार बिछा लें और अपने पास सभी जरूरी सामान जैसे नेल कटर, नेल फाइल, तौलिया, स्क्रब, मॉइश्चराइजर, नेल पॉलिश रिमूवर और कॉटन रख लें. इसके बाद हाथ और पैरों को माइल्ड साबुन से अच्छी तरह धो लें.
नाखूनों से हटाएं पुरानी नेल पॉलिश
अगर नाखूनों पर पहले से नेल पॉलिश लगी है तो उसे नेल पॉलिश रिमूवर की मदद से साफ कर लें. इसके बाद हाथ और पैरों को 10 मिनट तक गुनगुने पानी में भिगोकर रखें.
घर पर बनाएं नेचुरल नेल पैक
मैनीक्योर के लिए एक कटोरी में दो अंडों की जर्दी, चौथाई कप दूध और एक बड़ा चम्मच शहद मिलाएं. इसमें नाखूनों को 10 मिनट तक डुबोकर रखें. इससे नाखून मजबूत बन सकते हैं.
वहीं, पेडीक्योर के लिए गुनगुने पानी में दो बड़े चम्मच नारियल तेल मिलाकर पैरों को 10 मिनट तक भिगोएं.
स्क्रब से हटाएं डेड स्किन
हाथों और पैरों की डेड स्किन हटाने के लिए स्क्रब का इस्तेमाल करें. इसके लिए दही, चीनी और नींबू का रस मिलाकर स्क्रब तैयार करें और इससे 2-3 मिनट तक हल्के हाथों से मसाज करें. इसके बाद गुनगुने पानी से धो लें.
क्यूटिकल्स की करें देखभाल
हाथ और पैरों को सुखाने के बाद क्यूटिकल्स को धीरे-धीरे पीछे की ओर करें. क्यूटिकल्स को काटने से बचें, क्योंकि ये नाखूनों को संक्रमण से बचाने में मदद करते हैं. इन्हें मुलायम रखने के लिए नारियल तेल से हल्की मसाज करें.
नाखूनों को दें मनचाहा आकार
अब नेल कटर की मदद से नाखूनों को मनचाहे आकार में काटें. इसके बाद नेल फाइल से उन्हें शेप दें. ध्यान रखें कि नेल फाइल को आगे-पीछे तेजी से न चलाएं, इससे नाखून कमजोर हो सकते हैं.
मॉइश्चराइजर से करें मसाज
अंत में हाथों और पैरों पर मॉइश्चराइजर लगाकर अच्छी तरह मसाज करें. इससे त्वचा को नमी मिलेगी और थकान भी कम होगी.
आखिर में लगाएं नेल पॉलिश
अगर आपने नेल पॉलिश लगाना चाहती हैं तो सबसे पहले बेस कोट लगाएं. इसके सूखने के बाद अपनी पसंदीदा नेल पॉलिश के दो पतले कोट लगाएं और अंत में टॉप कोट लगाकर फिनिशिंग दें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क