Coldest places in India: भीषण गर्मी से तप रहे देश के कई हिस्से, इस शहर में कम्बल-रजाई ओढ़कर सो रहे लोग

मई में जहां राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर सहित कई जगहों पर पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था. वहीं, रोहतांग में माइनस तापमान और ठंडी हवाएं पर्यटकों को राहत का एहसास करा रही हैं. यहां देशभर से पहुंचे सैलानी बर्फ के बीच जमकर मस्ती कर रहे हैं.

Advertisement
मनाली का फेमस टूरिस्ट स्पॉट रोहतांग दर्रा मई के अंतिम दिनों में भी बर्फ से गुलजार है. (Photo: ITG) मनाली का फेमस टूरिस्ट स्पॉट रोहतांग दर्रा मई के अंतिम दिनों में भी बर्फ से गुलजार है. (Photo: ITG)

मनमिंदर अरोड़ा

  • मनाली,
  • 31 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:04 PM IST

इन दिनों देश के कई इलाकों में जहां भीषण गर्मी से लोग तप रहे हैं. वहीं, हिमाचल की वादियां सैलानियों को अपनी ओर खींच रही हैं. पर्यटन नगरी मनाली का फेमस टूरिस्ट स्पॉट रोहतांग दर्रा मई के अंतिम दिनों में भी बर्फ से गुलजार है. समुद्र तल से करीब 13 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग का नजारा इन दिनों किसी जन्नत से कम नहीं लग रहा है. चारों तरफ बर्फ की सफेद मोटी चादर चढ़ी है. पहाड़ों पर हल्की धुंध पसरी है. चेहरे को छूती सर्द हवाएं और बादलों के बीच झांकती धूप पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर रही है. आलम ये है कि लोग यहां कम्बल-रजाई ओढ़कर सोने को मजबूर हैं.

Advertisement

मई में जहां राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर सहित कई जगहों पर पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था. वहीं, रोहतांग में माइनस तापमान और ठंडी हवाएं पर्यटकों को राहत का एहसास करा रही हैं. यहां देशभर से पहुंचे सैलानी बर्फ के बीच जमकर मस्ती कर रहे हैं. कोई स्नो स्कूटर और घुड़सवारी का आनंद ले रहा है तो कोई स्कीइंग में हाथ आजमा रहा है. बच्चे बर्फ के गोले बनाकर खेल रहे हैं. जबकि युवा सेल्फी और रील्स बनाकर इन खूबसूरत पलों को यादगार बना रहे हैं.

स्नो फॉल देखकर थकान दूर
रोहतांग का मौसम पर्यटकों के रोमांच को दोगुना कर रहा है. कभी हल्की बर्फबारी तो कभी फुहारें और कभी घने बादलों के बीच खुलते बर्फीले दृश्य पर्यटकों को किसी फिल्मी दुनिया जैसा एहसास करा रहे हैं. हालांकि पर्यटकों की बढ़ती संख्या के चलते रोहतांग मार्ग पर कुछ जगहों पर वाहनों की लंबी कतारें भी देखने को मिली हैं. लेकिन मंजिल पर पहुंचते ही बर्फीले नजारे सैलानियों की सारी थकान दूर कर रहे हैं.

Advertisement

पर्यटकों का कहना है कि 45 डिग्री की गर्मी से सीधे यहां आकर मौसम पूरी तरह बदल गया है. बर्फ के बीच आकर काफी अच्छा लग रहा है. रोहतांग में बर्फ देखकर मानो सुकून मिल रहा है. परिवार और दोस्तों के साथ आए सैलानी खूब मस्ती कर रहे हैं. यहां पहुंचने के बाद सबकुछ यादगार लग रहा है. हालांकि ठंड बहुत ज्यादा है. इसलिए बाहर घूमने के बाद लोग होटल जाते ही कम्बल-रजाई का सहारा ले रहे हैं.

पर्यटक वनिता ने बताया कि रोहतांग का माहौल उनकी उम्मीदों से भी बेहतर है. उन्होंने कहा कि यहां कभी बर्फबारी तो कभी बारिश हो रही है, जिससे मौसम और भी रोमांचक बन गया है. उन्होंने पहली बार बर्फ देखी है और इसे जिंदगी का एक यादगार अनुभव बताया है. वनिता ने कहा कि यहां की ठंड, पहाड़ों के बीच का नजारा और लोगों के साथ मिलकर बिताए पल हमेशा याद रहेंगे.

स्कीइंग-स्नो एक्टिविटी का आनंद ले रहा सैलानी
रोहतांग में पर्यटन कारोबारी जसवंत ने बताया कि मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी के साथ पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि रोहतांग में साल के अधिकांश समय बर्फ रहती है, जिससे यह जगह गर्मी से राहत पाने के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है. जहां मैदानी क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच रहा है, वहीं रोहतांग में माइनस तापमान का अनुभव पर्यटकों को बेहद आकर्षित कर रहा है. खासकर मई और जून के महीने में इस तरह के नजारे पर्यटकों को काफी पसंद आ रहे हैं. पर्यटक यहां स्कीइंग और अन्य बर्फीली गतिविधियों का खूब आनंद ले रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »