Chicken eggs and duck eggs: अंडे प्रोटीन का एक पौष्टिक और सस्ता सोर्स हैं जिन्हें इंसान लाखों सालों से खाते आ रहे हैं. सबसे अधिक खाया जाने वाला अंडा मुर्गी का अंडा होता है. फिर भी कई दूसरे तरह के अंडे भी खाए जा सकते हैं, जैसे बत्तख, बटेर, टर्की और हंस के अंडे. बत्तख के अंडे एशियाई खान-पान का एक अहम हिस्सा हैं हालांकि हाल ही में इन्हें दुनिया के दूसरे हिस्सों में भी पसंद किया जाने लगा है. आपने शायद इन्हें किराने की दुकान, अपने आस-पास के बाजार या रेस्टोरेंट के मेन्यू में देखा होगा.
बत्तख के अंडे और मुर्गी के अंडे पहली नजर में देखने पर एक जैसे लग सकते हैं लेकिन दोनों में अंतर करने के लिए आपको कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए जिससे आसानी से आप अंतर कर पाएंगे.
आकार और बनावट (Shape and texture)
दोनों अंडों में सबसे पहली पहचान उनके साइज में होती है. मुर्गी के अंडे का आकार बत्तख के अंडे की तुलना में थोड़े छोटे होते हैं. बत्तख के अंडे न केवल आकार में बड़े होते हैं बल्कि उनका ऊपरी हिस्सा यानी छिलका भी काफी मोटा और सख्त होता है. मुर्गी के अंडे का छिलका नाजुक होता है और आसानी से टूट सकता है, जबकि बत्तख के अंडे के छिलके को तोड़ने के लिए थोड़ी ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. अगर आप दोनों को साथ में रखकर देखेंगे तो आपको अंतर समझ आएगा. लेकिन कई बार मुर्गी के अंडे भी आकार में बड़े हो सकते हैं.
रंग और स्वाद (Colour & Taste)
मुर्गी के अंडे आमतौर पर सफेद या हल्के भूरे रंग के होते हैं जबकि बत्तख के अंडे अक्सर सफेद या हल्के नीले या हरे रंग के शेड लिए होते हैं. अंदरूनी हिस्से की बात करें तो बत्तख के अंडे की जर्दी (पीला हिस्सा) मुर्गी के अंडे से बड़ी होती है. स्वाद की बात करें तो बत्तख के अंडे ज्यादा क्रीमी और रिच होते हैं इसलिए बेकिंग के लिए इन्हें ज्यादा पसंद किया जाता है. वहीं मुर्गी के अंडे रोजाना के नाश्ते के लिए बेस्ट माने जाते हैं.
न्युूट्रिशन वैल्यू
हेल्थ के नजरिए से देखें तो बत्तख के अंडों में फैट और कोलेस्ट्रॉल की मात्रा मुर्गी के अंडों से ज्यादा होती है. इनमें ओमेगा-3 फैटी एसिड और प्रोटीन भी भरपूर मात्रा में मिलता है. अगर आप फिटनेस पर ध्यान दे रहे हैं तो मुर्गी का अंडा एक बैलेंस डाइट के लिए अच्छा ऑप्शन है.
यदि आप ज्यादा एनर्जी और रिच टेस्ट चाहते हैं तो बत्तख के अंडे को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं. इन छोटी-छोटी बातों को समझकर आप अपनी रसोई और सेहत को बेहतर बना सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क