Bedmi Puri Recipe: 2 कप सूजी-आटे से बनाएं बाजार जैसी क्रिस्पी बेड़मी पूड़ी, इस आसान ट्रिक से हर बार बनेगी परफेक्ट
Bedmi Puri Recipe: नाश्ते में कुछ खास और मसालेदार खाना चाहते हैं तो घर पर बनाएं उत्तर भारत की फेमस बेड़मी पूड़ी. उड़द दाल और भुने मसालों से तैयार यह पूड़ी बाहर से कुरकुरी और अंदर से स्वादिष्ट होती है. इसे मसालेदार आलू या कद्दू की सब्जी के साथ सर्व करें.
Advertisement
पूड़ी में उड़द दाल का मसाला भरा जाता है. (PHOTO:AI)
Bedmi Puri Recipe: ग्रेवी वाली मसालेदार सब्जी के साथ पूड़ी मिल जाए तो स्वाद दोगुना हो जाता है, लेकिन रोजाना एक जैसी अजवायन और नमक वाली पूड़ी खाकर मन भर जाता है. होटलों में आलू और कद्दू की सब्जी के साथ खास बेड़मी पूड़ी दी जाती है, जिसका तीखा स्वाद खाने को लाजवाब बना देता है. अगर आपको नाश्ते में गरमागरम और मसालेदार पूड़ी खाना पसंद है, तो बेड़मी पूड़ी जरूर ट्राई करें.
Advertisement
उत्तर भारत की यह पारंपरिक डिश खासतौर पर आलू की मसालेदार सब्जी के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है. बाहर से कुरकुरी और अंदर से मसालेदार स्वाद वाली बेड़मी पूड़ी बनाना मुश्किल नहीं है. आप इसे घर पर भी बिल्कुल बाजार जैसी बना सकते हैं. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.
सबसे पहले उड़द दाल को 4 से 5 घंटे के लिए भिगो दें. दाल अच्छी तरह फूल जाए तो इसका पानी निकालकर इसे दरदरा पीस लें. हालांकि दाल को बहुत ज्यादा बारीक न पीसें.
अब एक पैन में सौंफ, धनिया के बीज और जीरा डालकर हल्का भून लें. ठंडा होने के बाद इसे दरदरा कूट लें.
एक बाउल में पिसी हुई उड़द दाल, भुना मसाला, लाल मिर्च, हींग, अदरक, हरी मिर्च और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें.
दूसरी ओर एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, सूजी, नमक और तेल डालें. इसमें तैयार दाल का मसाला मिलाकर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए कड़ा आटा गूंथ लें. आटे को 10 से 15 मिनट ढककर रख दें.
अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें हल्का मोटा बेल लें. पूड़ी न ज्यादा पतली होनी चाहिए और न ही बहुत मोटी.
कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल अच्छी तरह गर्म होने पर एक पूड़ी डालें और कलछी से हल्का दबाते हुए फुलाएं. दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें.
ऐसे करें सर्व
गरमागरम बेड़मी पूड़ी को मसालेदार आलू की सब्जी, अचार और दही के साथ सर्व करें. इसे आप खट्टी-मीठी कद्दू की सब्जी के साथ भी खा सकते हैं.
बाजार जैसी बेड़मी पूड़ी बनाने की सीक्रेट टिप
Advertisement
दाल को पीसते समय पानी बहुत कम इस्तेमाल करें और आटा थोड़ा सख्त गूंथें. साथ ही पूड़ी को मिडियम-तेज गर्म तेल में तलने से यह बाहर से कुरकुरी और अंदर से स्वादिष्ट बनती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क