Low Oil Vegetable Recipes: अमेरिका-ईरान तनाव का असर भारत की अर्थव्यवस्था पर भी दिख रहा है. विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट के बीच पीएम मोदी ने देश के लोगों से कुकिंग ऑयल की खपत कम करने की भी अपील की है. उन्होंने कहा कि अगर लोग कुकिंग ऑयल कम उपयोग करेंगे तो इससे आपकी सेहत के साथ-साथ देश की सेहत भी बेहतर रहेगी. ऐसे में आज हम आपको कुछ ऐसी सब्जियों के बारे में बताएंगे जो कम तेल में भी काफी टेस्टी बनती हैं. गर्मियों के मौसम में ये सब्जियां आपकी सेहत के लिए भी फायदेमंद हो सकती हैं और साथ ही तेल की बचत करने में भी मदद करेंगी.
लौकी-चना दाल का तड़का
यह गर्मियों की एक हल्की और हेल्दी सब्जी है. इसे बनाने के लिए 750 ग्राम लौकी छीलकर काट लें और 1/4 कप चना दाल को भिगो दें. अब कुकर में 2 चम्मच सरसों का तेल गर्म करें. इसमें जीरा, मेथी और हरी मिर्च डालें. फिर प्याज और टमाटर डालकर 5 मिनट भून लें. अब लौकी और चना दाल डालें. नमक, हल्दी और पानी डालकर 3-4 सीटी आने तक पकाएं. आपकी टेस्टी लौकी-चना दाल तैयार है.
तोरी की सब्जी
तोरी को छीलकर काट लें. कुकर में 2 चम्मच सरसों का तेल गर्म करें. इसमें जीरा, हरी मिर्च और हींग डालें. फिर प्याज और तोरी डालें. नमक और हल्दी मिलाकर 5 मिनट पकाएं. अब थोड़ा पानी डालकर 2 सीटी आने तक पकाएं. आपकी हल्की और टेस्टी तोरी की सब्जी तैयार है.
पनीर भुर्जी
पनीर भुर्जी बनाने के लिए पैन में 2 चम्मच सरसों का तेल गर्म करें. इसमें जीरा, हींग, हरी मिर्च और प्याज डालकर भूनें. फिर टमाटर डालकर 5 मिनट पकाएं. अब मैश किया हुआ पनीर, 1 चम्मच बेसन, नमक, हल्दी और गरम मसाला डालें. जब पनीर अच्छी तरह पक जाए तो ऊपर से हरा धनिया डालकर सर्व करें.
भिंडी की भुजिया
750 ग्राम भिंडी धोकर अच्छी तरह सुखा लें और काट लें. कढ़ाई में 2 चम्मच सरसों का तेल गर्म करें. इसमें जीरा, हरी मिर्च और प्याज डालकर भूनें. फिर भिंडी और हल्दी डालें. बिना ढक्कन लगाए 15-20 मिनट तक पकाएं. आखिर में नमक डालें और भिंडी नरम होने तक पकाएं. इसे रोटी और दाल के साथ खा सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क