How To Clean Burnt Utensils: जल गया है चाय का पतीला या सब्जी का कुकर? बिना घिसे ऐसे छुड़ाएं काले जिद्दी दाग, नहीं थकेंगे हाथ

How To Clean Burnt Utensils: खाना बनाते समय चाय का पतीला, कुकर या कड़ाही जल गई है और उसके तले पर जिद्दी काले दाग जम गए हैं? बार-बार घिसने के बाद भी दाग नहीं निकलते, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. आज हम आपको ऐसे 5 तरीके बताने वाले हैं, जिनकी मदद से आप इन दागों को आसानी से छुड़ा सकते हैं.

Advertisement
जले बर्तनों को साफ करने के लिए बेकिंग सोडा से लेकर साबुन का पानी इस्तेमाल किया जा सकता है. (Photo: ITG) जले बर्तनों को साफ करने के लिए बेकिंग सोडा से लेकर साबुन का पानी इस्तेमाल किया जा सकता है. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 27 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:02 AM IST

रसोई में खाना बनाते समय कभी-कभी दूध उबलकर नीचे लग जाता है, तो कभी दाल-सब्जी बर्तन के तले में जलकर चिपक जाती है. इसकी वजह लापरवाही हो सकती है, लेकिन इसके बाद जो शुरू होता है वो लोगों को टेंशन देता है. दरअसल, जले बर्तनों को साफ करने में बहुत मेहनत करनी पड़ती है, जो लोगों का सिरदर्द बन जाती है. जले बर्तनों को साफ करना बहुत मेहनत भरा काम है. काले और भूरे दाग इतने जिद्दी होते हैं कि साबुन लगाने और स्क्रबर से बार-बार रगड़ने के बाद भी आसानी से नहीं निकलते. कई बार ज्यादा जोर लगाने से बर्तन की चमक भी फीकी पड़ने लगती है.

Advertisement

लेकिन अब जले हुए बर्तनों को साफ करने के लिए अपने हाथों को थकाने और घंटों मेहनत करने की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद कुछ आम चीजों की मदद से जले हुए खाने की परत को ढीला करना आसान हो सकता है. बस सफाई का सही तरीका पता होना चाहिए. खासकर अगर आपके पास महंगे या चमकदार लेयर वाले बर्तन हैं, तो उन्हें साफ करते समय थोड़ी सावधानी बरतना जरूरी है. आइए जानते हैं जले हुए बर्तनों को साफ करने के 5 आसान तरीके.

1. सबसे पहले साबुन वाले पानी में भिगोकर रखें: अगर बर्तन में खाना जलकर चिपक गया है, तो उसे तुरंत स्क्रबर से घिसने न लगें. सबसे पहले बर्तन को पूरी तरह ठंडा होने दें. इसके बाद उसमें इतना गुनगुना पानी भरें कि जला हुआ हिस्सा अच्छी तरह डूब जाए. अब पानी में कुछ बूंदें डिशवॉश लिक्विड डालकर कम से कम एक घंटे के लिए छोड़ दें.

Advertisement

अगर खाने की लेयर ज्यादा मोटी है, तो बर्तन को रातभर भिगोकर भी रख सकते हैं. इससे जला हुआ खाना धीरे-धीरे सॉफ्ट होने लगेगा. इसके बाद लकड़ी के चम्मच या सिलिकॉन स्पैचुला की मदद से जमी हुई लेयर को हल्के हाथों से हटाएं. इस तरीके से बिना ज्यादा रगड़ लगाए सफाई करना आसान हो सकता है.

2. बेकिंग सोडा से हटाएं जिद्दी काले दाग: अगर साबुन वाले पानी से बर्तन साफ नहीं हो रहा है, तो बेकिंग सोडा आपके काम आ सकता है. ये जले हुए खाने के कणों को ढीला करने में मदद करता है. इसके लिए तीन बड़े चम्मच बेकिंग सोडा लें और उसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें.

अब इस पेस्ट को बर्तन के जले हुए हिस्से पर लगाकर करीब 20 से 30 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद मुलायम स्पंज से धीरे-धीरे सफाई करें. ध्यान रखें कि दाग हटाने के चक्कर में बहुत जोर से न रगड़ें. आखिर में बर्तन को पानी से अच्छी तरह धो लें. अगर दाग पूरी तरह नहीं निकले हैं, तो जरूरत के हिसाब से इस प्रोसेस को दोबारा अपना सकते हैं.

3. बर्तन में पानी और बेकिंग सोडा गर्म करें: कई बार बर्तन के तले में खाना इतनी बुरी तरह चिपक जाता है कि भिगोने और पेस्ट लगाने के बाद भी नहीं निकलता. ऐसी कंडीशन में पानी और बेकिंग सोडा वाला तरीका आजमा सकते हैं.

Advertisement

इसके लिए बर्तन में इतना पानी डालें कि जला हुआ हिस्सा डूब जाए. अब इसमें करीब दो बड़े चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं. बर्तन को गैस पर रखकर धीमी आंच पर 5 से 10 मिनट तक हल्का गर्म करें. ध्यान रखें कि पानी को बहुत तेज न उबालें.

इसके बाद गैस बंद कर दें और पानी को ठंडा होने दें. अब लकड़ी के चम्मच की मदद से जमे हुए खाने को धीरे-धीरे हटाएं. गर्म पानी और बेकिंग सोडा की मदद से जली हुई लेयर सॉफ्ट हो सकती है, जिससे उसे साफ करना आसान हो जाता है. आखिर में डिशवॉश लिक्विड और पानी से बर्तन धो लें.

4. पुराने दागों के लिए सही क्लीनर चुनें: अगर बर्तन पर लंबे समय से काले या भूरे निशान जमे हुए हैं, तो नॉर्मल सफाई से उन्हें हटाना मुश्किल हो सकता है. ऐसे में बर्तन के सरफेस के हिसाब से बना नॉन-एब्रेसिव क्लीनर इस्तेमाल किया जा सकता है. खासकर एनामेल कोटिंग वाले बर्तनों के लिए ऐसा क्लीनर चुनें, जो उनकी चमकदार लेयर को नुकसान न पहुंचाए.

किसी भी क्लीनर का इस्तेमाल करने से पहले उसके पैकेट पर दिए गए निर्देश जरूर पढ़ें. पहली बार इस्तेमाल कर रहे हैं, तो किसी छोटे से हिस्से पर लगाकर पैच टेस्ट कर लें. इससे पता चल सकेगा कि क्लीनर बर्तन के लिए सही है या नहीं.

5. हाइड्रोजन पेरोक्साइड का इस्तेमाल करते समय रखें ध्यान: कुछ बर्तनों पर भूरे और काले दाग लंबे समय तक बने रहते हैं. ऐसे में बर्तन के मुताबिक सही क्लीनर इस्तेमाल करना सही रहता है. कुछ सफाई के तरीकों में बेकिंग सोडा के साथ हाइड्रोजन पेरोक्साइड मिलाकर इस्तेमाल करना बताया जाता है. लेकिन इसका इस्तेमाल हर तरह के बर्तन पर करना सही नहीं होता है. ऐसे में इसके इस्तेमाल से पहले पैच टेस्ट जरूर करें.

इन गलतियों से खराब हो सकती है बर्तन की चमक
जले बर्तनों को साफ करने के लिए स्टील वूल, मेटल स्क्रबर और नुकीले औजारों का इस्तेमाल न करें. इससे बर्तन पर खरोंच आ सकती है. गर्म बर्तन में तुरंत ठंडा पानी डालने से भी बचें. हमेशा बर्तन को ठंडा होने के बाद साफ करें. साथ ही, तेज आंच पर लंबे समय तक खाना पकाने से बचें और इस्तेमाल के बाद बर्तन को अच्छी तरह सुखाकर रखें.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »