Kaai Cleaning Tips: मॉनसून चला गया है और हल्की-हल्की ठंड दस्तक दे चुकी है. इस समय घरों में दीपावली की सफाई शुरू हो चुकी होती है और सबसे ज्यादा क्लीनिंग में समय छत और बालकनी में लगता है. बारिश की वजह से घर की छत, टंकी के आसपास, बालकनी, दीवारों और गमलों में काई जम जाती है, जिसे निकालने में बहुत मेहनत करनी पड़ती है. इससे छत पर पैर फिसलने और गिरने का भी खतरा बढ़ जाता है और यह खबर की खूबसूरती को भी खराब कर देती है.
अगर आपके घर में काई जमी है तो इस मौसम में आप उसको साफ कर सकते हैं. इस सीजन में बारिश बंद हो जाती है, इसलिए काई दोबारा जल्दी नहीं जमती है. तो आप अपने घर में जहां भी काई जमी हो उसको आसानी से निकाल सकते हैं और लंबे समय तक उससे छुटकारा भी मिल जाता है. बारिश का मौसम जाने के बाद छत पर जमी काई को हटाने के लिए आपको केमिकल वाले प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं है और न ही ज्यादा घिसने की जरूरत पड़ेगी.
एक सफेद पाउडर से आप काई को चुटकियों में साफ कर सकते हैं, आइए आपको इस पाउडर के बारे में बताते हैं कि इसको कैसे इस्तेमाल करना है और इस दौरान क्या सावधानियां बरतनी चाहिए. यह एक सफेद पाउडर आपको काई की समस्या से जल्दी निजात दिलाने में बहुत मदद करेगा.
काई हटाने में काम आएगा ये पाउडर
दीवारों, आंगन, छत और गमलों में काई जम जाती है तो उसको बहुत रगड़ना पड़ता है, मगर उसके बावजूद भी वो निकलने का नाम नहीं लेती हैं. मगर एक देसी नुस्खा आपकी इस मुश्किल को मिनटों में हल कर सकता है, इसके लिए आपको बस यह सफेद पाउडर खरीदकर लाना होगा. यह महज 5 से 10 रुपये में मिल जाता है, आप इसको अपनी जरूरत के हिसाब से खरीद लें. इसकी एक अच्छी बात यह भी है कि इसको खरीदने में ज्यादा पैसा भी खर्च नहीं होता है और काई भी हटाने में यह बहुत असरदार माना जाता है.
यह सफेद पाउडर कहां मिलेगा?
छत और आंगन में काई को हटाने के लिए आप बाजार से सफेद पाउडर खरीदकर ला सकते हैं, जो आपको आसानी से किसी भी पंसारी की दुकान पर मिल जाएगा. काई एक एसिडिक एनवायरमेंट में पनपती है और चूना पाउडर एक एल्कलाइन होता है इसलिए जब उसे काई पर छिड़का जाता है तो यह उसकी सेल्स को जला देता है और उसको फैलने से भी रोकने में भी मदद करता है.
काई को फैलने से रोकता है चूना
जिद्दी हरी काई के ऊपर चूना लगाने से वो एक लेयर बना लेता है, जो नमी रोकती है. इसी वजह से दोबारा काई नहीं लगती है. इसलिए काई के लिए चूना सबसे असरदार माना जाता है, क्योंकि यह उसे हटाने के साथ-साथ दोबारा लगने से भी रोकता है.
लगाते समय रखें इन बातों का ध्यान
चूना पाउडर को इस्तेमाल करने से पहले कुछ बातों का जरूर ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि इसका इस्तेमाल आपकी आंखों और स्किन के लिए खतरनाक भी हो सकता है. काई हटाने के लिए चूना लगाने से पहले अपने हाथों पर ग्लव्स और आंखों पर चश्मा पहन लीजिए. काई पर चूना लगाने के कुछ समय बाद ब्रश की मदद से उस जगह को रगड़कर साफ कर दीजिए.
Disclaimer: यह घरेलू नुस्खा सोशल मीडिया पर बताए गए दावे और सामान्य जानकारी पर आधारित है. चूना त्वचा, आंखों और सांस के लिए जलन पैदा कर सकता है, इसलिए इसे इस्तेमाल करते समय ग्लव्स, सेफ्टी चश्मे और उचित सावधानी बरतें. चूने को सीधे त्वचा या आंखों के संपर्क में न आने दें और बच्चों व पालतू जानवरों से दूर रखें. इस्तेमाल से पहले पैकेट पर दिए निर्देश जरूर पढ़ें. किसी भी सतह पर इस्तेमाल करने से पहले छोटे हिस्से पर टेस्ट कर लें. काई बहुत ज्यादा जमी हो, सतह फिसलन भरी हो, तो सफाई करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क