घर को खूबसूरत बनाने के लिए जरूरी नहीं कि हर बार आप महंगे शोपीस, डिजाइनर वॉल हैंगिंग या नए फर्नीचर पर हजारों रुपये खर्च करें. कई बार छोटी-छोटी चीजें भी घर की सूरत बदलने के लिए काफी होती हैं. सड़क किनारे पड़े बेकार से कंकड़ और पत्थर भी ऐसी ही चीजों में शामिल हैं. जी हां, जिन कंकड़-पत्थरों को आप बेकार समझते हैं, उनका सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो वो घर की डेकोरेशन में चार चांद लगा सकते हैं.
अगर आपको लगता है कि कंकड़-पत्थरों का इस्तेमाल सिर्फ गार्डन की डेकोरेशन के लिए होता है, तो ऐसा नहीं है. रंग-बिरंगे कंकड़ों से लेकर सफेद चिकने पत्थरों तक, इनकी मदद से आप गमलों, फूलदानों, सेंटर टेबल और बालकनी को खूबसूरत लुक दे सकते हैं. खास बात ये है कि इसके लिए आपको बहुत ज्यादा खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आइए जानते हैं कंकड़-पत्थरों से घर सजाने के 7 शानदार तरीके.
1. गमलों में कंकड़ सजाकर दें नया लुक: अगर आपके घर में पौधे लगे हैं, तो गमलों की मिट्टी के ऊपर छोटे-छोटे डेकोरेटिव कंकड़ बिछाकर उन्हें खूबसूरत बना सकते हैं. सफेद, भूरे या रंग-बिरंगे कंकड़ गमलों को नया लुक देते हैं. सभी गमलों में एक ही रंग के कंकड़ डालने से डेकोरेशन एक जैसी दिखेगी. बस कंकड़ों की मोटी लेयर न बिछाएं, ताकि मिट्टी की नमी देख सकें और पौधों को जरूरत के हिसाब से पानी दे सकें.
2. सफेद पत्थरों से दें क्लासी लुक: घर में ज्यादा तामझाम ना करते हुए सिंपल और खूबसूरत दिखाना चाहते हैं, तो सफेद पत्थरों का इस्तेमाल करें. इन्हें गमलों के आसपास, बालकनी या छोटे गार्डन में सजा सकते हैं. हरे पौधों के साथ सफेद पत्थर काफी अच्छे लगते हैं. चाहें तो घर के दरवाजे के पास रखे गमलों के चारों ओर इनसे सुंदर बॉर्डर भी बना सकते हैं.
3. रंगीन कंकड़ों से सजाएं फूलदान और सेंटर टेबल: घर में रखे कांच के बाउल या फूलदान को रंग-बिरंगे कंकड़ों से सजा सकते हैं. इन्हें कांच के बाउल में भरकर सेंटर टेबल पर रखें या फूलदान के अंदर डालकर फूल सजाएं. दो-तीन रंगों के कंकड़ों को अलग-अलग लेयर्स में रखने से भी अच्छा लुक मिलेगा. इस तरह बिना महंगे डेकोर आइटम खरीदे टेबल को खूबसूरत बना सकते हैं.
4. पत्थरों पर लिखें प्यारे मैसेज: साधारण पत्थरों को भी खूबसूरत डेकोर पीस बनाया जा सकता है. इसके लिए चिकने और सपाट पत्थर लें, उन्हें साफ करके सुखा लें और रंगों से फूल-पत्तियां या छोटे मैसेज लिखें. आप इन पर 'बी पॉजिटिव' या 'कीप गोइंग' जैसे मैसेज लिखकर स्टडी टेबल, वर्क डेस्क या बुकशेल्फ पर सजा सकते हैं.
5. चमकदार पत्थरों से सजाएं घर: अगर आपको मॉडर्न और स्टाइलिश डेकोरेशन पसंद है, तो रंग-बिरंगे कांच जैसे चमकदार पत्थर इस्तेमाल कर सकते हैं. इन्हें डेकोरेटिव ट्रे, कांच के बाउल या फूलदान में रखकर सेंटर टेबल पर सजाएं. इनकी चमक घर को स्टाइलिश लुक देती है. हालांकि, घर में छोटे बच्चे या पालतू जानवर हों, तो इन पत्थरों को उनकी पहुंच से दूर रखें.
6. गोल और अंडाकार पत्थरों से बनाएं डिजाइन: गोल और अंडाकार पत्थरों को डेकोरेटिव ट्रे में अलग-अलग पैटर्न में सजा सकते हैं. बालकनी या गार्डन में गमलों के आसपास इनसे बॉर्डर बनाना भी अच्छा ऑप्शन है. मिट्टी के गमलों, लकड़ी के फर्नीचर और हरे पौधों के साथ ये पत्थर नेचुरल लुक देते हैं. इन्हें अच्छी तरह जमाकर रखें, ताकि ये आसानी से गिरें नहीं.
7. बालकनी और छोटे गार्डन को सजाएं: बालकनी में रखे गमलों के आसपास छोटे-छोटे पत्थरों की बॉर्डर बनाकर जगह को खूबसूरत बना सकते हैं. चाहें तो एक चौड़ी ट्रे में सफेद और भूरे कंकड़ सजाकर उसके साथ छोटे पौधे रखें. इससे बालकनी को सुंदर और नेचुरल लुक मिलेगा. पत्थरों का रंग चुनते समय गमलों और फर्नीचर के रंग का ध्यान रखें और पानी निकलने का छेद बंद ना हो.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क