Easy Rangoli Designs For Diwali: आज (6 नवंबर 2026) धनतेरस से पांच दिवसीय दिवाली उत्सव शुरू हो चुका है. दिवाली पर घर की सफाई से लेकर सजावट और पूजा की तैयारियों में काफी समय निकल जाता है. ऐसे में घर के मेन गेट से लेकर घर के कई कोनों में सुंदर रंगोली बनाने का मन तो होता है, लेकिन कई बार घंटों बैठकर डिजाइन बनाने का समय नहीं मिल पाता. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. आप बिना ज्यादा मेहनत और किसी खास कलाकारी के सिर्फ 5 मिनट में घर के आंगन या दरवाजे को खूबसूरत बना सकते हैं. इसके लिए आपको महंगे रंगों या रंगोली बनाने की एक्सपर्ट होने की भी जरूरत नहीं है. फूलों की पंखुड़ियों, दीयों और थोड़े से रंगों की मदद से बेहद सुंदर डिजाइन तैयार किए जा सकते हैं. आइए जानते हैं ऐसे ही 5 आसान रंगोली डिजाइन, जिन्हें देखकर हर कोई आपकी तारीफ करेगा.
1. फूलों की पंखुड़ियों से बनाएं खूबसूरत रंगोली: अगर आप कम समय में सुंदर और ट्रेडिशनल डिजाइन वाली रंगोली बनाना चाहते हैं तो फूलों वाली रंगोली अच्छा ऑप्शन है. इसके लिए गेंदे और गुलाब के फूलों की पंखुड़ियां ले लें. सबसे पहले जमीन पर एक छोटा दीया या कटोरी रखें. अब उसके चारों तरफ गोल आकार में फूलों की पंखुड़ियां सजाएं. आप चाहें तो एक के बाद एक अलग-अलग रंगों की पंखुड़ियां लगाकर इसे बड़ा और अट्रेक्टिव लुक दे सकते हैं. आखिर में बीच में जलता हुआ दीया रख दें. इससे आपकी रंगोली बेहद खूबसूरत दिखेगी.
2. दीयों वाली रंगोली से सजाएं घर का दरवाजा: दिवाली पर दीयों के बिना डेकोरेशन अधूरी लगती है. ऐसे में आप रंगोली में भी दीयों का डिजाइन बना सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले पेन या पेसिंल से छोटे-छोटे दीयें बनाएं. फिर हर दीये में लाल, पीला, नारंगी और हरा रंग भरें. बीच में फूलों की छोटी-सी डिजाइन बनाकर आसपास असली मिट्टी के दीये रख दें. ये डिजाइन देखने में काफी सुंदर लगेगी और इसे बनाने में भी ज्यादा समय नहीं लगेगा.
3. मोर वाली रंगोली से बढ़ाएं घर की खूबसूरती: अगर आप दिवाली पर कुछ अलग और अट्रेक्टिव बनाना चाहते हैं तो मोर वाली रंगोली बना सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले बीच में मोर की एक शेप बनाएं. इसके बाद उसके पंखों को नीले, हरे, पीले और गुलाबी रंगों से सजाएं. पंखों पर छोटे-छोटे गोल निशान बनाकर डिजाइन को और खूबसूरत लुक दें. अगर आपको हाथ से मोर बनाने में परेशानी होती है तो पहले चॉक से उसकी आउटलाइन बना लें. इससे रंग भरना आसान हो जाएगा.
4. कम रंगों में बनाएं सिंपल और सुंदर रंगोली: जिन लोगों को ज्यादा बड़ी या भरी हुई रंगोली पसंद नहीं है, उनके लिए ये डिजाइन एकदम सही है. इसमें आपको बहुत सारे रंगों की भी जरूरत नहीं पड़ेगी. सबसे पहले सफेद रंग से एक गोल या चौकोर शेप बनाएं. इसके बाद उसके चारों तरफ छोटी-छोटी पंखुड़ियां या जियोमेट्रिक शेप बनाएं. इन्हें लाल और पीले रंग से भर दें. आप चाहें तो चारों कोनों पर छोटे दीये भी रख सकती हैं. यह छोटी-सी रंगोली घर के मेन गेट पर बहुत प्यारी लगेगी.
5. घुमावदार डिजाइन वाली रंगोली बनाएं: अगर आप रोजाना बनने वाली गोल और फूलों की रंगोली से कुछ अलग बनाना चाहते हैं तो घुमावदार डिजाइन ट्राई कर सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले बीच में एक छोटी गोल शेप बनाएं. अब उसके चारों तरफ दोनों तरफ घूमती हुई घुमावदार लाइनें बनाएं. हर लाइन में अलग-अलग रंग भरें. आप लाल, पीला, गुलाबी, नीला और हरा रंग इस्तेमाल कर सकते हैं. आखिर में किनारों पर सफेद रंग से छोटी-छोटी बिंदियां बना दें. इससे आपकी रंगोली को एकदम फिनिश्ड लुक मिलेगा.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क