करवा चौथ पर खूबसूरत दिखने के लिए महिलाएं साड़ी, जूलरी और मेकअप की तैयारी पहले से ही शुरू कर देती हैं. लेकिन जब तैयार होने की बारी आती है, तो सबसे ज्यादा समय साड़ी पहनने और उसकी प्लेट्स ठीक करने में लग जाता है. खासकर उन महिलाओं के लिए साड़ी पहनना मुश्किल हो जाता है, जिन्हें इसकी आदत नहीं है. कई बार प्लेट्स बराबर नहीं बनतीं, तो कभी पल्लू की लंबाई सही नहीं बैठती. ऐसे में पूरा लुक खराब होने का डर रहता है. ऐसे में साड़ी बांधने के लिए या तो महिलाओं को किसी की मदद लेनी पड़ती है या फिर सीधा पार्लर जाना पड़ता है.
अगर आप भी करवा चौथ पर साड़ी पहनने की सोच रही हैं, लेकिन इसे पहनने के लिए किसी दूसरे की मदद नहीं लेना चाहतीं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान ट्रिक्स की मदद से आप महज 5 मिनट में परफेक्टली साड़ी पहन सकती हैं. इससे साड़ी की फिटिंग भी अच्छी रहेगी और प्लेट्स भी एकदम बराबर बनेंगी. आइए जानते हैं साड़ी पहनने का आसान तरीका.
साड़ी पहनने से पहले कर लें ये तैयारी
साड़ी पहनने से पहले अपनी पसंद की हील्स या सैंडल पहन लें. इससे साड़ी की लंबाई सही रखने में मदद मिलेगी. इसके बाद पेटीकोट या साड़ी के लिए पहनी जाने वाली स्कर्ट की फिटिंग चेक कर लें. अगर ये ढीली होगी, तो साड़ी बार-बार खिसक सकती है. वहीं, ज्यादा टाइट होने पर आपको दिक्कत महसूस हो सकती है.
सबसे पहले साड़ी को कमर पर करें सेट
साड़ी के जिस हिस्से से प्लेट्स बननी शुरू होती हैं, उसके उलटी तरफ से साड़ी को कमर पर लपेटना शुरू करें. कपड़े को पीछे से घुमाते हुए कमर पर लाएं और एक तरफ से अंदर टक कर दें. इसके बाद साड़ी को दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेट करें. ध्यान रखें कि कपड़ा कमर पर ज्यादा इकट्ठा न हो, वरना फिटिंग मोटी दिखाई दे सकती है.
साड़ी की लंबाई भी एक बार जरूर चेक करें. इसे इतना नीचे या ऊपर न रखें कि चलते समय परेशानी हो. शुरुआत में साड़ी को ठीक से सेट करने से आगे की प्लेट्स बनाना काफी आसान हो जाता है.
पल्लू की लंबाई बराबर रखने के लिए अपनाएं ये ट्रिक
साड़ी का पल्लू बनाते समय अक्सर उसकी लंबाई एक तरफ से छोटी और दूसरी तरफ से बड़ी हो जाती है. इससे बचने के लिए पल्लू को कंधे पर रखने से पहले दोनों तरफ से उसकी लंबाई बराबर कर लें. इसके बाद बॉर्डर को सीधा रखते हुए कपड़े को एक जगह इकट्ठा करें.
पल्लू की प्लेट्स बनाते समय तीन उंगलियों की मदद ले सकती हैं. कपड़े को एक के ऊपर एक रखते हुए प्लेट्स बनाएं और ध्यान रखें कि हर प्लेट की चौड़ाई लगभग बराबर हो. बहुत पतली या बहुत चौड़ी प्लेट्स बनाने के बजाय मीडियम साइज की प्लेट्स रखें. इससे पल्लू ज्यादा साफ और सुंदर दिखाई देगा.
कंधे पर पल्लू सेट करते समय न करें ये गलती
पल्लू को कंधे पर रखने के बाद उसकी लंबाई अपने हिसाब से एडजस्ट करें. अगर आप चाहती हैं कि साड़ी में आपकी लंबाई थोड़ी ज्यादा नजर आए, तो पल्लू को बहुत छोटा रखने से बचें. इसके बाद पल्लू को ब्लाउज के कंधे की सिलाई के पास थोड़ा पीछे की तरफ सेट करें.
पल्लू के बॉर्डर को सीधा रखें और देखें कि कपड़ा कहीं से मुड़ तो नहीं रहा है. इसके बाद सेफ्टी पिन की मदद से पल्लू को ब्लाउज पर अच्छी तरह लगा दें. इससे चलते-फिरते पल्लू के बार-बार खिसकने की परेशानी नहीं होगी.
सामने की प्लेट्स बनाते समय रखें इन बातों का ध्यान
साड़ी का सबसे जरूरी हिस्सा सामने की प्लेट्स होती हैं. अगर ये बराबर नहीं बनतीं, तो साड़ी का पूरा लुक बिगड़ सकता है. इसलिए प्लेट्स बनाते समय कपड़े को एक ही दिशा में मोड़ें और हर प्लेट की चौड़ाई लगभग समान रखें.
इसके लिए एक हाथ से कपड़े को मजबूती से पकड़ें और दूसरे हाथ से एक-एक करके प्लेट्स बनाती जाएं. प्लेट्स तैयार होने के बाद उन्हें हल्के से झटककर सीधा करें. फिर सभी प्लेट्स को एक साथ मिलाकर देखें कि कोई प्लेट ज्यादा छोटी या बड़ी तो नहीं है.
ध्यान रखें कि सबसे आगे वाली प्लेट थोड़ी चौड़ी रखी जा सकती है, ताकि वह अपनी जगह पर बनी रहे. इसके बाद प्लेट्स को पेटीकोट के अंदर टक करें और जरूरत के हिसाब से सेफ्टी पिन लगा लें.
साड़ी की फिटिंग टाइट रखने के लिए करें ये काम
साड़ी को कमर पर टक करने के बाद पीछे और साइड में बचे हुए कपड़े को अच्छी तरह सेट करें. अगर कपड़ा एक जगह ज्यादा इकट्ठा हो रहा है, तो उसे हल्के हाथ से खींचकर दूसरी तरफ फैलाएं. इससे कमर पर कपड़ा मोटा नहीं दिखेगा और साड़ी की फिटिंग भी अच्छी रहेगी.
आखिर में सामने की प्लेट्स, पल्लू और साड़ी की लंबाई एक बार फिर चेक कर लें. जहां कपड़ा ढीला लग रहा हो, वहां सेफ्टी पिन लगा सकती हैं. हालांकि, पिन लगाते समय ध्यान रखें कि वह कपड़े या त्वचा में न चुभे.
इस तरह कुछ आसान स्टेप्स को फॉलो करके आप करवा चौथ पर बिना किसी की मदद के साड़ी पहन सकती हैं. थोड़ी सी प्रैक्टिस के बाद साड़ी पहनना आपके लिए और भी आसान हो जाएगा और तैयार होने में ज्यादा समय भी नहीं लगेगा.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क