बॉलीवुड में ऐसी कई अदाकारा रही हैं, जिनकी खूबसूरती ने न केवल 70 या 80 के दशक में लोगों को मंत्रमुग्ध किया है बल्कि अब भी लोग उन पर फिदा हैं. जब भी ऐसी अदाकाराओं का जिक्र होता है, तो रेखा का नाम दिमाग में सबसे पहले आता है. लेकिन इस लिस्ट में दिग्गज एक्ट्रेस डिंपल कपाड़िया भी शामिल हैं. 69 साल की उम्र में भी उन्होंने जिस तरह से अपने आपको को फिट और मेंटेन रखा है, वो काबिल-ए-तारीफ है. उनका फैशन, स्टाइल और स्किन देखकर ये कहना बहुत मुश्किल है कि वो बड़े-बड़े बच्चों की नानी हैं.
अभिनेता अक्षय कुमार की सास और ट्विंकल खन्ना की मां डिंपल कपाड़िया ने एक बार फिर साबित कर दिया कि स्टाइल और ग्रेस की कोई उम्र नहीं होती. 69 साल की उम्र में वो फिल्म 'द ओडिसी' के प्रीमियर में ऐसे अंदाज में पहुंचीं कि हर किसी की नजरें उन पर ही टिक गईं. उनके हैंडक्राफ्टेड ब्लैक एथनिक लुक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं.
ब्लैक हैंडक्राफ्टेड आउटफिट में दिखीं बेहद स्टाइलिश
डिंपल कपाड़िया ने 'द ओडिसी' के प्रीमियर के इस खास मौके पर फैशन डिजाइनर अबू जानी और संदीप खोसला का डिजाइन किया हुआ ऑल-ब्लैक हैंडक्राफ्टेड आउटफिट पहना था. उनके लुक में एक लंबा ब्लैक कोट, क्विल्टेड वेस्टकोट और सरॉन्ग स्टाइल स्कर्ट शामिल थी.
डिजाइनर्स के मुताबिक, इस कोट पर हाथ से बने बांधनी मोटिफ, रंग-बिरंगी रेशम की कढ़ाई और जरी का खूबसूरत काम किया गया था. ये काम इसे और ज्यादा खूबसूरत बना रहा था. आउटफिट में ट्रेडिशनल और मॉडर्न डिजाइन का शानदार कॉम्बिनेशन देखने को मिला.
जूलरी ने बढ़ाई पूरे लुक की खूबसूरती
डिंपल ने अपने लुक को और ज्यादा स्टाइलिश बनाने के लिए खास हैंडक्राफ्टेड जूलरी पहनी. उन्होंने बड़ा आई-पेंडेंट नेकलेस पहना, जिसे शिव के तीसरे नेत्र से प्रेरित बताया जा रहा है. अपने लुक को कंप्लीट करने के लिए डिंपल ने तावीज से इंस्पायर्ड हूप इयररिंग्स और गोल्डन बैंगल्स पहने थे, जो उनके पूरे लुक को और रॉयल बना रहा था. इतना ही नहीं उन्होंने एक शानदार गोल्डन क्लच भी कैरी किया, जो उनके लुक को एलिवेट कर रहा था.
मेकअप और हेयरस्टाइल ने लुक में डाली जान
डिंपल ने लुक को कंप्लीट करने के लिए सिग्नेचर साइड-पार्टेड ब्लो-ड्राई हेयरस्टाइल को चुना. ये हेयरस्टाइल वो सालों से करती आ रही हैं और उनके ऊपर बहुत फबता भी है. वहीं मेकअप में उन्होंने कोहल आईज के साथ अपने लुक में ग्लैमर जोड़ा.
सोशल मीडिया पर फैंस ने की जमकर तारीफ
डिंपल कपाड़िया की तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई. एक यूजर ने लिखा, 'अगर ग्लैमर का कोई चेहरा होता, तो वो डिंपल कपाड़िया होतीं.' एक अन्य फैन ने लिखा, '69 की उम्र में भी उनका स्टाइल कमाल का है.' किसी ने उन्हें '90 के दशक की सुपरमॉडल' बताया, तो एक यूजर ने लिखा, 'अगर मैं 70 की उम्र में ऐसी नहीं दिखी, तो फिर क्या फायदा.' वहीं कई लोगों ने उनके आउटफिट में बांधनी के मॉडर्न इस्तेमाल की भी खूब सराहना की और कहा कि भारतीय विरासत को इतने नए अंदाज में पेश करना वाकई शानदार है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क