जनगणना की प्रोसेस शुरू हो गई है. आप खुद भी जनगणना की इस प्रक्रिया में ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दे सकते हैं. दरअसल, अभी जनगणना की इस प्रोसेस में आपको घर के बारे में ज्यादा जानकारी देनी होगी और बताना होगा कि आप कैसे घर में रहते हैं और घर में किस तरह की सुविधाएं हैं? तो आज हम आपको बता रहे हैं कि अगर आप किराएदार हैं तो आपको किस तरह फॉर्म भरना होगा, किन सवालों के जवाब देने होंगे, वो डैशबोर्ड कैसा होगा, जिसमें आपको जवाब देने होंगे. तो जानते हैं कितनी देर में आप पूरा फॉर्म भर सकते हैं....
आजतक संवाददाता जितेंद्र बहादुर सिंह ने रजिस्टार जनरल ऑफ इंडिया के ऑफिस से इस प्रोसेस के बारे में रिपोर्ट की है और अधिकारियों से जाना है कि पूरा प्रोसेस कैसे किया जाना है.
किराएदार हैं तो क्या करना होगा?
बता दें कि आप किरायेदार हों या अपना घर... 2027 की जनगणना के लिए अपने वर्तमान घर के बारे में ही जानकारी देनी होगी. जनगणना के पहले फेज में जो जिस घर में वर्तमान में रहता है वहीं से भर सकता है. अगर कोई व्यक्ति जो अपनी जनगणना भर रहा है, उसे वर्तमान में वह जिस घर में है वहीं से जनगणना की जानकारी देगा और उसकी गूगल लोकेशन भी इसमें ऐड करेगा.
क्या है स्व-गणना?
इसका मतलब आप खुद अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन माध्यम से दे सकते हैं. इस प्रोसेस में करीब 15–20 मिनट लगते हैं. सफल सबमिशन के बाद SE ID (Self Enumeration ID) मिलती है. सबसे पहले आपको se.census.gov.in पर जाना होगा. इसके बाद अपना राज्य/केंद्र शासित प्रदेश चुनें, इसके बाद कैप्चा भरकर आगे बढ़ें. फिर मैप के लिए लैपटॉप/डेस्कटॉप बेहतर रहेगा. इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम दर्ज करें (बाद में बदला नहीं जा सकता). फिर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें (एक परिवार = एक नंबर).
इसमें ईमेल देना वैकल्पिक है. फिर भाषा व OTP सत्यापन करना होगा. अपनी पसंदीदा भाषा चुनें (बाद में नहीं बदल सकते). मोबाइल पर आए OTP से सत्यापन करें. चौथे स्टेप में आपको निवास स्थान की जानकारी देनी होगी. जिला और पिन कोड (वैकल्पिक) भरें. गांव/शहर, क्षेत्र और लैंडमार्क दर्ज करें. इसके बाद “Search” पर क्लिक करें. फिर मैप पर लोकेशन मार्क करें. मैप पर लाल मार्कर को अपने घर पर सेट करें. फिर “Save & Continue” पर क्लिक करें. इससे घर पहचानने में मदद मिलेगी.
इसके बाद शुरू होगा स्टेप-6. इसमें आपको सभी सवालों के जवाब देने होंगे. फिर जो भी आपने जानकारी दी है, उसकी समीक्षा कर सकते हैं. प्रीव्यू वर्जन में जानकारी देख लें और कुछ सुधार करना हो तो कर सकते हैं. इसके बाद अंतिम सब्मिट करना होगा. इसके बाद 11 अंकों की SE ID मिलेगी. फिर क्षेत्रीय सत्यापन करवाना होगा, जहां आप आप अपनी SE ID दिखाएं. फिर डेटा स्वीकृत हो जाएगा.
किन बातों का ध्यान रखना है?
इस दौरान समय सीमा के अंदर सबमिट करना जरूरी है. एक मोबाइल नंबर से एक ही परिवार पंजीकरण. भाषा और मुखिया का नाम बाद में नहीं बदल सकते. SE ID सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज है. जिसको देखकर के जनगणना अधिकारी बाद में सत्यापित करेंगे.
कौन-कौन से सवाल पूछे जाएंगे?
भारत में 1 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी जनगणना के पहले चरण में 33 सवाल पूछे जाएंगे. यह पूरी तरह से डिजिटल जनगणना होगी जिसमें घर की स्थिति, बुनियादी सुविधाओं (पानी, बिजली, शौचालय), परिवार के सदस्यों, संपत्ति (वाहन, टीवी, इंटरनेट), और पहली बार रहने वाले लिव-इन कपल्स से संबंधित डेटा एकत्र किया जाएगा.
1. पहचान और मकान का विवरण:
- भवन संख्या और जनगणना घर संख्या
- घर का उपयोग (आवासीय, व्यावसायिक, आदि)
- घर की स्थिति (पक्का, कच्चा, रहने लायक)
- दीवार, छत और फर्श में उपयोग की गई मुख्य सामग्री
2. परिवार और आवास:
- परिवार का नंबर
- परिवार में सामान्य रूप से रहने वाले व्यक्तियों की कुल संख्या
- परिवार के मुखिया का नाम और लिंग
- क्या मुखिया अनुसूचित जाति/जनजाति या अन्य श्रेणी से है
- घर के स्वामित्व की स्थिति (अपना या किराए का)
- परिवार के पास उपलब्ध कमरों की संख्या
- परिवार में रहने वाले विवाहित जोड़ों की संख्या
3. सुविधाएं:
- पेयजल का मुख्य स्रोत और उपलब्धता.
- बिजली का मुख्य स्रोत.
- शौचालय तक पहुंच और प्रकार.
- गंदे पानी के निकास की व्यवस्था.
- स्नान की सुविधा.
- रसोई घर और LPG/PNG कनेक्शन की उपलब्धता.
- खाना पकाने के लिए मुख्य ईंधन (लकड़ी, गैस, आदि).
4. संपत्ति और डिजिटल पहुंच
- रेडियो/ट्रांजिस्टर और टेलीविजन की उपलब्धता
- इंटरनेट तक पहुंच
- लैपटॉप/कंप्यूटर
- टेलीफोन/मोबाइल/स्मार्टफोन
- वाहनों की संख्या (साइकिल से लेकर कार/जीप तक)
- परिवार में उपभोग किया जाने वाला मुख्य अनाज
- मोबाइल नंबर (केवल जनगणना संचार के लिए)
इस बार क्या अलग है?
लिव-इन कपल्स: पहली बार लिव-इन में रह रहे जोड़ों को परिवार के हिस्से के रूप में रिकॉर्ड किया जाएगा.
सेल्फ-एन्युमरेशन: आप Self-Enumeration Portal के माध्यम से अपनी जानकारी खुद भी भर सकते हैं.
जितेंद्र बहादुर सिंह