आज के डिजिटल दौर में लोग अपनी हर छोटी-बड़ी खुशी सोशल मीडिया पर शेयर करना पसंद करते हैं. खासकर जब कोई यात्रा पर जा रहा हो, तो एयरपोर्ट की फोटो या बोर्डिंग पास की तस्वीर पोस्ट करना आम बात बन गई है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि ऐसा करना आपके लिए खतरे भरा हो सकता है? एक्सपर्ट के अनुसार, बोर्डिंग पास की फोटो ऑनलाइन शेयर करना आपकी सुरक्षा और प्राइवेसी के लिए बड़ा जोखिम बन सकता है. दरअसल, बोर्डिंग पास पर एक बारकोड या क्यूआर कोड होता है, जिसमें आपकी यात्रा से जुड़ी कई अहम जानकारियां छिपी होती हैं. इसमें आपका नाम, पीएनआर, फ्लाइट नंबर, सीट नंबर और कभी-कभी आपकी फ्रीक्वेंट फ्लायर जानकारी भी शामिल होती है. ये सारी जानकारी आम तौर पर दूसरों को नहीं दिखती, लेकिन कोई भी व्यक्ति उस बारकोड को स्कैन करके आसानी से इन डिटेल्स तक पहुंच सकता है.
एयरपोर्ट फोटो शेयर करना बना ट्रेंड
एविएशन एक्सपर्ट के अनुसार, अगर यह जानकारी किसी गलत व्यक्ति के हाथ लग जाए, तो वह एयरलाइन की वेबसाइट पर जाकर 'मैनेज माय बुकिंग' ऑप्शन के जरिए आपकी बुकिंग में बदलाव कर सकता है. उदाहरण के तौर पर, वह आपकी सीट बदल सकता है, आपकी फ्लाइट कैंसल कर सकता है या आपकी यात्रा से जुड़ी अन्य सेटिंग्स में छेड़छाड़ कर सकता है. इससे आपकी पूरी यात्रा योजना खराब हो सकती है और आपको काफी परेशानी उठानी पड़ सकती है. इतना ही नहीं, बोर्डिंग पास की जानकारी का गलत इस्तेमाल करके आपकी पहचान से जुड़ी जानकारी भी चोरी की जा सकती है इसे आइडेंटिटी थेफ्ट कहा जाता है, जिसमें कोई व्यक्ति आपकी निजी जानकारी का इस्तेमाल करके आपके नाम पर गलत काम कर सकता है या आपको नुकसान पहुंचा सकता है. यह खतरा खासकर तब बढ़ जाता है, जब आप अपनी यात्रा से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक रूप से शेयर करते हैं.
गलत हाथों में डेटा गया तो हो सकता है आइडेंटिटी थेफ्ट
कई बार लोग यह सोचते हैं कि सिर्फ एक फोटो से क्या नुकसान हो सकता है, लेकिन साइबर सुरक्षा के लिहाज से यह एक बड़ी लापरवाही हो सकती है. आजकल तकनीक इतनी एडवांस हो चुकी है कि छोटी-सी जानकारी भी किसी के लिए बहुत उपयोगी साबित हो सकती है. इसलिए अगली बार जब आप यात्रा पर जाएं, तो अपनी खुशी जरूर मनाएं, लेकिन सावधानी के साथ. कोशिश करें कि बोर्डिंग पास की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर न करें.
अगर शेयर करना ही हो, तो बारकोड और बाकी जरूरी जानकारी को अच्छी तरह छिपा दें. आपकी छोटी-सी सावधानी आपको बड़ी परेशानी से बचा सकती है. कुल मिलाकर, बोर्डिंग पास सिर्फ एक कागज नहीं, बल्कि आपकी निजी जानकारी का एक अहम हिस्सा होता है. इसे सुरक्षित रखना आपकी जिम्मेदारी है, ताकि आपकी यात्रा सुरक्षित और बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके.
aajtak.in