भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि विपक्षी दल चुनाव में हार के डर से ईवीएम का विरोध कर रहे हैं और बैलेट पेपर वापस लाने की मांग कर रहे हैं. प्रसाद ने आरोप लगाया कि ये दल निष्पक्ष और आधुनिक तकनीक के जरिए चुनाव नहीं जीत सकते, इसलिए वे बूथ कैप्चरिंग और बैलेट बॉक्स में स्याही फेंकने जैसी पुरानी प्रथाओं को वापस लाना चाहते हैं, ताकि दलितों और गरीबों को वोट देने से रोका जा सके. रविशंकर प्रसाद ने याद दिलाया कि सुप्रीम कोर्ट ने भी चुनावी तकनीक पर अपने फैसले में इसे पूरी तरह से विधि सम्मत बताया था. उन्होंने सवाल उठाया कि जब विपक्ष अलग-अलग राज्यों जैसे केरल, बंगाल, बिहार, हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली में चुनाव हारता है, तो वे जनता के जनादेश का अपमान करने लगते हैं.