अल्मोड़ा: हथियारबंद गनर के साथ जागेश्वर धाम के गर्भगृह में घुसे बरेली के DM, पुजारियों में आक्रोश, बोले- पीएम और सीएम तक ने नहीं तोड़ी सदियों पुरानी परंपरा

उत्तराखंड के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में सोमवार को उस समय विवाद खड़ा हो गया जब बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह अपने सशस्त्र सुरक्षाकर्मी के साथ मंदिर के गर्भगृह में दाखिल हो गए. मंदिर की धार्मिक मर्यादा टूटने से नाराज पुजारियों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है.

Advertisement
विवादों में घिरे बरेली के डीएम अविनाश सिंह (Photo- ITG) विवादों में घिरे बरेली के डीएम अविनाश सिंह (Photo- ITG)

aajtak.in

  • अल्मोड़ा,
  • 22 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:37 AM IST

अल्मोड़ा स्थित जागेश्वर धाम में सोमवार को उत्तर प्रदेश के बरेली के डीएम अविनाश सिंह अपने गनर के साथ मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर गए. डीएम वहां नवग्रह पूजा कर रहे थे और उनका सुरक्षाकर्मी कार्बाइन जैसे असलहे के साथ गर्भगृह के भीतर मौजूद था. पुजारियों ने इसे मंदिर की पवित्रता और धार्मिक मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए तुरंत विरोध दर्ज कराया. 

Advertisement

सुरक्षा कर्मियों ने इसे प्रोटोकॉल का हिस्सा बताया, जबकि स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है. प्रशासन ने अब मंदिर परिसर में हथियारों से संबंधित चेतावनी बोर्ड लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

PM-CM भी नहीं ले गए कभी हथियार

मंदिर के पुजारी नवीन चंद्र भट्ट, मनोज भट्ट और अन्य का कहना है कि गर्भगृह की पवित्रता सर्वोपरि है. उनके मुताबिक, अब तक देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री भी जब यहां दर्शन के लिए आए, तब उनकी कड़ी सुरक्षा के बावजूद कभी गर्भगृह के अंदर हथियार नहीं ले जाया गया. पुजारियों ने स्पष्ट किया कि भगवान जागेश्वर के गर्भगृह की मर्यादा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. इस घटना ने मंदिर की प्राचीन परंपराओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ASI ने चस्पा किया नोटिस

Advertisement

विवाद बढ़ने के बाद मंदिर प्रबंधन और पुजारियों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो. पुजारियों का तर्क है कि मंदिर परिसर के बाहर कहीं भी हथियारों को लेकर स्पष्ट चेतावनी बोर्ड नहीं लगा था, जिसके कारण यह भ्रम हुआ. इसके बाद अब भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने परिसर के बाहर चेतावनी से संबंधित नोटिस चस्पा कर दिया है. प्रशासन अब इस मामले की गहराई से जांच कर रहा है ताकि धार्मिक भावनाओं को शांत किया जा सके.

---- समाप्त ----
अल्मोड़ा से संजय सिंह की रिपोर्ट

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement