ऑटो में यात्री बैठे थे. सड़क पर ट्रैफिक था. इसी बीच वही ड्राइवर ऑटो चलाते-चलाते फिल्म देखने लगा. ये कहानी हैदराबाद की है. ऑटो चालक का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वह ड्राइविंग करते हुए एक मोबाइल फोन पर फिल्म देखता नजर आ रहा है. दूसरे मोबाइल पर रास्ता देखने के लिए नेविगेशन चल रहा था. और कानों में हेडफोन भी लगे हुए थे.
यानी सड़क पर ऑटो भी चल रहा था, मोबाइल पर फिल्म भी चल रही थी और रास्ता बताने वाला फोन भी अपना काम कर रहा था. लेकिन इस पूरे मामले में सबसे जरूरी चीज कहां थी? सड़क पर ड्राइवर का पूरा ध्यान... वीडियो सामने आने के बाद हैदराबाद पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने मामले का संज्ञान लिया. उन्होंने ट्रैफिक पुलिस को ऑटो ड्राइवर का पता लगाने और उसके खिलाफ एक्शन लेने के निर्देश दिए.
यहां देखें वीडियो
आखिर वाहन चलाते समय मोबाइल पर फिल्म देखने में खतरा क्या है? इसका जवाब समझने के लिए सड़क पर होने वाली सामान्य घटनाओं को याद कीजिए. अचानक सामने कोई पैदल यात्री आ जाए. आगे चल रहा वाहन अचानक ब्रेक लगा दे. कोई बाइक सवार गलत दिशा से आ जाए. या फिर सिग्नल पर अचानक ट्रैफिक रुक जाए. इन सभी परिस्थितियों में ड्राइवर को तुरंत फैसला लेना पड़ता है. लेकिन जब नजर सड़क के बजाय मोबाइल स्क्रीन पर हो, तो खतरे को पहचानने में देर हो सकती है. और सड़क पर कई बार यही कुछ सेकंड जिंदगी और हादसे के बीच का फर्क बन जाते हैं.
इस मामले में ड्राइवर एक साथ कई चीजों में उलझा नजर आ रहा है. एक फोन पर मनोरंजन, दूसरे पर नेविगेशन और कानों में हेडफोन. नेविगेशन का इस्तेमाल रास्ता खोजने के लिए समझ में आता है, लेकिन गाड़ी चलाते समय फिल्म देखना एक अलग ही जोखिम है. हेडफोन लगे होने से आसपास की जरूरी आवाजों पर ध्यान देना भी मुश्किल हो सकता है.
यह भी पढ़ें: चालान कटा तो आत्मदाह करने लगा ऑटो चालक... बचाने दौड़ी पुलिस, उन्नाव की सड़कों पर बवाल, Video
यहां एक और बात समझने की जरूरत है. ऑटो चालक सिर्फ अपना वाहन नहीं चला रहा होता. उसके पीछे बैठे यात्री भी अपनी सुरक्षा को लेकर उस पर भरोसा करते हैं. यात्री किराया देकर सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने की सुविधा नहीं खरीदता, बल्कि उससे यह उम्मीद भी करता है कि ड्राइवर उसे सुरक्षित पहुंचाएगा.
इसी वजह से सार्वजनिक परिवहन वाले लोगों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है. उनकी एक लापरवाही का असर सिर्फ उन पर नहीं, बल्कि ऑटो में बैठे यात्रियों और सड़क पर मौजूद दूसरे लोगों पर भी पड़ सकता है. हैदराबाद पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने भी इसी खतरे को लेकर आगाह किया. उन्होंने ड्राइविंग करते समय मोबाइल और हेडफोन के इस्तेमाल को जान के लिए खतरा बताया. लोगों से अपील की कि अगर कोई ड्राइवर इस तरह की खतरनाक हरकत करता दिखे, तो उसे ऐसा करने से रोकने के लिए कहें और जरूरत पड़ने पर पुलिस को जानकारी दें. कोई नियम तोड़े तो डायल 112 पर जानकारी दे सकते हैं. इस मामले में पुलिस कमिश्नर ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
अब्दुल बशीर